तिरुवनंतपुरम : केरल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए राज्यभर में मतदान जारी है। इसी बीच भाजपा की वरिष्ठ नेता और वट्टियोरकाव सीट से उम्मीदवार आर श्रीलेखा ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की बड़ी जीत का दावा किया है।
उन्होंने कहा कि इस बार राज्य में बदलाव का माहौल है और जनता मौजूदा सरकार से नाराज है। उनके मुताबिक जहां भी वह प्रचार के लिए गईं वहां लोगों में एनडीए के पक्ष में रुझान साफ दिखाई दिया। उन्होंने भरोसा जताया कि इस चुनाव में एनडीए ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगा।
आर श्रीलेखा ने सत्तारूढ़ वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) पर निशाना साधते हुए कहा कि लोग भ्रष्टाचार मंत्रियों के अहंकार और मंदिरों से जुड़े विवादों से परेशान हैं। उन्होंने कहा कि पिछले 10 सालों से एक ही सरकार रहने के कारण जनता अब बदलाव चाहती है।
साथ ही उन्होंने यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) को भी आड़े हाथों लिया। उनका कहना था कि एलडीएफ के बाद अगर यूडीएफ भी सत्ता में आता है तो कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। जबकि एनडीए के आने से राज्य और केंद्र सरकार के बीच बेहतर तालमेल बनेगा जिससे विकास को गति मिलेगी।
राज्य की सभी 140 सीटों पर सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो चुका है। चुनाव आयोग के अनुसार सुबह 11 बजे तक करीब 33.28 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इस चुनाव में 2.6 करोड़ से अधिक मतदाता 883 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे।
मतदाताओं में बड़ी संख्या महिलाओं की है वहीं युवा और वरिष्ठ नागरिक भी उत्साह के साथ मतदान कर रहे हैं। शांतिपूर्ण मतदान के लिए राज्यभर में 30 हजार से अधिक मतदान केंद्र बनाए गए हैं।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन के नेतृत्व में एलडीएफ लगातार तीसरी बार सत्ता में आने की कोशिश कर रहा है जबकि कांग्रेस के नेतृत्व वाला यूडीएफ वापसी की उम्मीद में है। चुनाव के नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे।