रविवार को राज्य पुलिस के कॉन्सटेबल पद के लिए नियुक्ति परीक्षा हुई, जिसका परीक्षा केंद्र कई जगहों पर बनाया गया था। उससे ठीक पहले शनिवार की रात को दुर्गापुर के बुदबुद थाना इलाके में प्रश्नपत्रों की बिक्री के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। जानकारी के मुताबिक गिरोह के 10 सदस्यों को कथित तौर पर प्रश्नपत्र बेचने के नाम पर अभ्यर्थियों को प्रताड़ित करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार सभी आरोपियों को बर्दवान अदालत में रविवार को ही पेश किया गया।
आरोप लगाया गया है कि श्राद्ध के लिए एक पंडाल बनाना गया था जिसके अंदर बैठकर यह गिरोह अपना काम कर रहा था। गोपनीय सूत्रों से प्राप्त जानकारी के आधार पर बर्दवान और बुदबुद थाना की पुलिस ने संयुक्त रूप से बुदबुद देवशाल ग्रामपंचायत कलमडांगा गांव में अभियान चलाया। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार इस अभियान में 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा 2 गाड़ी समेत पुलिस ने पानी का टैंकर भी जब्त किया है। गिरफ्तार आरोपियों को बर्दवान थाना और जब्त गाड़ियों को बुदबुद थाना में ले जाया गया है।
तंबू गाड़कर चल रहा था फर्जीवाड़ा
बताया जाता है कि पानी का टैंकर देवशाल पंचायत का है। पंचायत की प्रधान बीथिका मेटे का कहना है कि कलमडांगा गांव के निवासी शेख असानूर ने पानी का टैंकर किराए पर लिया था। उनका कहना था कि उनकी बहन की मौत कुछ दिनों पहले हो गया है, उनका ही काम (श्राद्ध) था। प्रधान का दावा है कि इससे ज्यादा उन्हें कुछ नहीं पता है। जानकारी के अनुसार गिरफ्तार आरोपी नदिया, मालदह और पुरुलिया के निवासी हैं।
सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार को पूर्व बर्दवान थाना के साइबर क्राइम ब्रांच को खबर मिली थी कि रविवार को परीक्षा से पहले एक रैकेट सक्रिय हो रहा है। इसके बाद ही यह अभियान चलाया गया। आरोप लगाया जा रहा है कि रुपयों के एवज में प्रश्नपत्र बिक्री किया जा रहा था।
शनिवार की शाम को बर्दवान स्टेशन और शहर के विभिन्न जगहों पर बर्दवान जीआरपी, बर्दवान साइबर क्राइम और बर्दवान थाना की पुलिस ने संयुक्त रूप से अभियान चलाया। अभियान में 3 लोगों को हिरासत में लिया गया। उनसे पूछताछ के बाद शनिवार की रात को पूर्व बर्दवान जिला पुलिस और आसनसोल-दुर्गापुर कमश्नरेट की पुलिस ने बुदबुद थाना के कलमडांगा में अभियान चलाया। वहां से 7 लोगों को हिरासत में लिया गया।
इन सभी की मोबाइल की जांच करके वहां से मिले दस्तावेजों और पूछताछ के आधार पर 10 लोगों को ही गिरफ्तार किया गया। आरोप है कि पुलिस जब कलमडांगा गांव में अभियान पर पहुंची, तब वहां बड़ी संख्या में परीक्षार्थी मौजूद थे। पुलिस को देखते ही सभी भागने की कोशिश करने लगे लेकिन पुलिस ने 7 लोगों को पकड़ लिया। बताया जाता है कि रविवार को यह परीक्षा बिना किसी परेशानी के संपन्न हो गयी। बर्दवान रेंज के डीआईजी श्याम सिंह और पुलिस सुपर सायक दास ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का जायजा भी लिया।