शनिवार को कोलकाता के ब्रिगेड मैदान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सभा है। उससे ठीक पहले शुक्रवार को खड़गपुर स्टेशन पर एक व्यक्ति के बैग से भारी मात्रा में नगद बरामद किया गया है। इस बात की जानकारी शनिवार को खड़गपुर जीआरपी की ओर से दी गयी है। बताया जाता है कि खड़गपुर स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 2 पर एक व्यक्ति इधर-उधर घूम रहा था। उसे वहां घूमता देख जीआरपी को संदेह हुआ।
पूछताछ करने और उसके पास मौजूद बैग की जैसे ही तलाशी ली गयी सबकी आंखें फटी की फटी रह गयी। उक्त व्यक्ति के बैग से 50 लाख 77 हजार रुपया नकद बरामद किया गया।
जीआरपी सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार उक्त व्यक्ति इन रुपयों से संबंधित कोई दस्तावेज नहीं दिखा पाया। उसके पास इतनी भारी मात्रा में रुपए कहां से आए? वह इस सवाल का भी कोई जवाब नहीं दे पाया। खड़गपुर डिविजन के जीआरपी के एसआरपी मितुन कुमार दे ने शनिवार को मीडिया को संबोधित करते हुए बताया कि गिरफ्तार व्यक्ति का नाम इब्राहिम मोल्लाह (42) है।
वह हुगली जिले के चंडीपुर थाना के कुमिरतला इलाके का रहने वाला है। जीआरपी ने बताया कि गिरफ्तार व्यक्ति को शुक्रवार को ही अदालत में पेश किया गया। न्यायाधीश ने उसे 7 दिनों की पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया है। बताया जाता है कि इब्राहिम के पास काले रंग का एक बैग था जिसमें 500 और 200 रुपए के नोटों के बंडल थे।
एसआरपी मितुन कुमार दे ने बताया कि आरोपी ने खुद को ओडिशा के गंजम जिले के एक सोने की दुकान का कर्मचारी बताया है। उसके खिलाफ पहले कोई आपराधिक मामला दर्ज किया गया है अथवा नहीं, इसकी जांच की जा रही है। रुपयों की बरामदगी से संबंधित सभी जानकारी आयकर विभाग को भेज दी गयी है।
जीआरपी ने बताया कि इब्राहिम के पास से खड़गपुर से हावड़ा जाने के लिए ट्रेन का टिकट मिला है। मामले की जांच की जा रही है।