जोरदार धमाके से दहला मुर्शिदाबाद का रेजिनगर, विस्फोट के बाद से लापता व्यक्ति का शव बरामद

शनिवार की सुबह उसके परिवार के सदस्य और गांव के लोगों ने छेतियानी गांव में उस्मान की खोजबीन शुरू की। लेकिन कोई भी सुराग हाथ नहीं लगा।

By Tuhina Mondal, Posted By : Moumita Bhattacharya

Oct 12, 2025 12:34 IST

पहले डोमकल और अब रेजिनगर। एक बार फिर से विस्फोट की आवाज से कांप उठा मुर्शिदाबाद। शुक्रवार की रात को रेजिनगर थाने के छेतियानी घोषपाड़ा इलाके में जोरदार विस्फोट हुआ। इसकी जानकारी मिलते ही रात को ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। लेकिन उस समय कोई भी अपने घर से बाहर नहीं निकलना चाहता था। शनिवार सुबह फिर से पुलिस वहां गई। लंबी जांच और पूछताछ के बाद पता चला कि एक निर्माणाधीन मकान में बम बनाने का काम चल रहा था।

इधर विस्फोट के बाद से ही इलाके से एक स्थानीय व्यक्ति लापता है। उसका नाम उस्मान विश्वास बताया जाता है। वह तकीपुर पिलखाना का रहने वाला है। शनिवार की सुबह उसके परिवार के सदस्य और गांव के लोगों ने छेतियानी गांव में उस्मान की खोजबीन शुरू की। लेकिन कोई भी सुराग हाथ नहीं लगा। लापता व्यक्ति की पत्नी समिरा बीबी का दावा है कि शुक्रवार की रात साढ़े सात बजे के करीब तीन लोग एक मोटरसाइकिल पर आए और उसके पति को बम बनाने के लिए घर से बुलाकर ले गए। उनमें से एक को वह पहचान पाई, लेकिन बाकी दो के चेहरे गमछे से ढके हुए थे।

शनिवार की सुबह विस्फोट स्थल के पास के इलाके में स्थानीय लोगों ने चार प्लास्टिक के जार में बम और बम बनाने का सामान बरामद किया। घटना की जानकारी मिलते ही रेजिनगर थाने की पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। बरामद किए गए बमों को निष्क्रिय करने के लिए मुर्शिदाबाद जिला बम निरोधक दस्ते को सूचित किया गया है।

हुआ चौंकाने वाला खुलासा

इस विस्फोट कांड में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार विस्फोट के बाद से लापता उस्मान विश्वास का शव एक परित्यक्त जगह पर मिट्टी में गड़ा बरामद किया गया है। बताया जाता है कि इस घटना में शनिवार को रेजिनगर थाना की पुलिस ने वाज करिम नामक एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार व्यक्ति से पूछताछ में कई तरह की जानकारियां पुलिस के हाथ लगी हैं।

घटना के बारे में बेलडांगा के एसडीपीओ उत्तम गड़ाई ने बताया कि बम विस्फोट में घटनास्थल पर ही एक व्यक्ति की मौत हो गयी है। साक्ष्य मिटाने के इरादे से मृतक के शव को असमाजिक तत्वों ने घटनास्थल के पास ही एक जगह पर जमीन में गाड़ दिया था। पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। प्राथमिक तौर पर पूछताछ के दौरान गिरफ्तार व्यक्ति ने ही मृतक का शव मिट्टी में दबा कर रखे जाने की जानकारी दी।

प्राथमिक तौर पर पुलिस को पता चला है कि उस इलाके में काफी खाली जमीन है। उन जमीनों पर ही कब्जा करने के लिए क्या बम बनाने का काम चल रहा था या फिर इसके पीछे कोई अन्य कारण है, इसकी जांच की जा रही है।

पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

उल्लेखनीय है कि हाल ही में मुर्शिदाबाद के डोमकल में हुए विस्फोट में 49 वर्षीय एक महिला की मौत हो गई थी। उसका नाम सिद्दतन बीबी था। मुर्शिदाबाद के डोमकल के घोड़ामारा कामुड़दियाड़ घाटपाड़ा इलाके में एक बाल्टी में बम रखा हुआ था। बताया जाता है कि धान लाने गई उक्त महिला ने बम से भरी बाल्टी को छू लिया था। इसके बाद ही विस्फोट हो गया। विस्फोट में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। बाद में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

Prev Article
खड़गपुर शहर में सड़क-निकासी नालियों की बदहाल स्थिति, रेलवे पर उदासीनता और असहयोग का आरोप
Next Article
दीघा में समुद्रतट पर रखी नाव में अचानक धधक उठी आग, डर का माहौल

Articles you may like: