Delhi Blast : दीघा के जगन्नाथ मंदिर की सुरक्षा-व्यवस्था हुई सख्त

राजधानी दिल्ली में हुए ब्लास्ट के मद्देनजर दीघा के जगन्नाथ मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गयी है।

By Kaushik Dutta, Posted By : Moumita Bhattacharya

Nov 13, 2025 13:13 IST

दीघा में दिन-प्रतिदिन पर्यटकों की संख्या बढ़ती जा रही है। समुद्रतट के साथ-साथ अब दीघा में पर्यटकों का प्रमुख आकर्षण जगन्नाथ मंदिर भी है। लेकिन हाल ही में राजधानी दिल्ली में हुए ब्लास्ट के मद्देनजर दीघा के जगन्नाथ मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गयी है। मिली जानकारी के अनुसार बुधवार को मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा पूर्व मिदनापुर जिले के पुलिस सुपर सौम्यदीप भट्टाचार्य ने लिया।

लाल किले के सामने हुए विस्फोट के बाद देश भर में हाई अलर्ट जारी किया गया है। पश्चिम बंगाल में कोलकाता समेत प्रमुख सभी जगहों की सुरक्षा व्यवस्था को चाकचौबंद किया गया है। बंगाल व ओडिशा की सीमावर्ती इलाकों की सुरक्षा को भी तेज की गयी है। ओडिशा की सीमा पर नाका चेकिंग की जा रही है। इसके साथ ही दीघा में नवनिर्मित जगन्नाथ मंदिर की सुरक्षा को भी बढ़ा दिया गया है।

बुधवार की शाम को पूर्व मिदनापुर जिले के पुलिस सुपपर व अन्य पुलिस अधिकारियों ने मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। मंदिर के प्रवेश द्वारों पर तैनात सुरक्षाकर्मियों के साथ उन्होंने बात की और दिशा-निर्देश भी दिए। इसके अलावा सभी सीसीटीवी कैमरे व अन्य सेवाएं ठीक काम कर रही हैं या नहीं, इसके बारे में भी जानकारी हासिल की। मिली जानकारी के अनुसार दीघा के समुद्रतट की सुरक्षा को भी सख्त करने की हिदायत दी गयी है।

जिले के पुलिस सुपर ने बताया कि जिले के विभिन्न इलाकों की सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा किया गया है। इसके साथ ही दीघा के जगन्नाथ मंदिर की सुरक्षा को भी सख्त किया गया है। बंगाल व ओडिशा की सीमावर्ती इलाकों में 24 घंटे नाका चेकिंग की व्यवस्था की गयी है। पुलिस की गश्ती भी बढ़ा दी गयी है। कुछ भी अगर संदेहास्पद दिखाई देता है, तो तुरंत तलाशी ली जा रही है।

Prev Article
बर्दवान में ब्रेन स्ट्रोक से BLO की मौत, परिवार का दावा अतिरिक्त काम के दबाव से बिगड़ी थी तबीयत
Next Article
दीघा में समुद्रतट पर रखी नाव में अचानक धधक उठी आग, डर का माहौल

Articles you may like: