SIR का डर! कांदी में कीटनाशक पीकर प्रौढ़ ने दे दी जान

मुर्शिदाबाद में SIR के डर से मोहन शेख (55) नामक एक प्रौढ़ की मौत का मामला सामने आया है। SIR की घोषणा होने के बाद से ही वह काफी डरे हुए थे।

By Moumita Bhattacharya

Nov 04, 2025 18:37 IST

मंगलवार 4 नवंबर से राज्य में SIR का पहला और सबसे महत्वपूर्ण चरण शुरू हो चुका है। BLO घर-घर जाकर एन्यूमरेशन फॉर्म भरने काम कर रहे हैं। ठीक उसी समय राज्य के विभिन्न हिस्सों से एक के बाद एक कई घटनाओं की खबरें सामने आ रही हैं। अब मुर्शिदाबाद में SIR के डर से मोहन शेख (55) नामक एक प्रौढ़ की मौत का मामला सामने आया है। पारिवारिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार साल 2002 में वोटर लिस्ट में मोहन शेख का नाम नहीं था। इसलिए SIR की घोषणा होने के बाद से ही वह काफी डरे हुए थे।

मिली जानकारी के अनुसार उन्होंने कीटनाशक पीकर अपनी जान दे दी है। मामले की जांच पुलिस कर रही है। पुलिस व स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मोहन का घर मुर्शिदाबाद के कांदी नगर निगम के वार्ड नंबर 12 के बागडांगा इलाके में है। वर्ष 2002 की वोटर लिस्ट में उनका नाम नहीं रहने की वजह से वह पिछले काफी दिनों से परेशान थे।

हर वक्त उनके मन में बस यहीं बात चलता रहता था कि अपना देश, घर, परिवार और परिजनों को छोड़कर उन्हें चले जाना पड़ेगा। इस वजह से वह काफी उदास रहने लगे थे। हालांकि परिवार के सदस्यों ने उन्हें समझाने की कोशिश भी की थी लेकिन उनके मन से डर नहीं गया था।

परिवार सूत्रों से प्राप्त जानकारी के मुताबिक सुबह के समय पड़ोस के मैदान में जाकर मोहन ने कीटनाशक खा लिया। इसके बाद वह बीमार पड़ गए। तुरंत परिजनों ने उन्हें कांदी महकमा अस्पताल में भर्ती करवाया लेकिन स्थिति बिगड़ने पर उन्हें बहरमपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया। बताया जाता है कि कांदी से बहरमपुर ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गयी। बाद में उनके शव को कांदी महकमा अस्पताल में पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। घटना की जांच पुलिस कर रही है।

बता दें, अब तक राज्य भर के अलग-अलग हिस्सों से 6 से ज्यादा मामले ऐसे सामने आ चुके हैं जिसमें दावा किया जा रहा है कि SIR के खौफ से लोगों ने आत्महत्या का रास्ता चुन लिया।

Prev Article
परिवार में किसी का नाम 2002 की मतदाता सूची में नहीं है तो क्या होगा ? 4 नवंबर से होगा बड़ा अपडेट, बीएलओ जाएंगे घर-घर
Next Article
दीघा में समुद्रतट पर रखी नाव में अचानक धधक उठी आग, डर का माहौल

Articles you may like: