दुर्गापुर की दुष्कर्म पीड़िता डॉक्टरी की छात्रा को अस्पताल से छुट्टी तो मिल गयी है लेकिन वह अभी भी घर वापस नहीं लौट सकेगी। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार जब तक टीआई परेड (टेस्ट आईडेंटीफिकेशन परेड) नहीं हो जाती, तब तक उन्हें दुर्गापुर में ही रहना पड़ेगा। शुक्रवार की दोपहर को अस्पताल से उन्हें छुट्टी दे दी गयी। इसके बाद से वह लगातार पुलिस की निगरानी में हैं। पर छात्रा को रखा कहां गया है?
सुरक्षा के लिहाज से इस बारे में पुलिस अधिकारियों ने कुछ भी जानकारी देने से इनकार कर दिया है। बताया जाता है कि छात्रा की सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए 2 महिला और 1 पुरुष पुलिस कर्मी को तैनात किया गया है।
दुर्गापुर की निजी मेडिकल कॉलेज की छात्रा से दुष्कर्म के आरोप पिछले कुछ दिनों से चर्चाओं में छाए हुए हैं। इस मामले में अब तक कुल 5 आरोपियों समेत 6 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। गिरफ्तार लोगों में छात्रा का एक दोस्त भी शामिल है, जिसके साथ वह कॉलेज परिसर से बाहर निकली थी।
आरोप है कि घटना वाली रात को पीड़िता छात्रा को उसका दोस्त ही परानगंज के जंगल में लेकर गया था। आरोप है कि वहां छात्रा से दुष्कर्म किया गया था। आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के कमिश्नर सुनील चौधरी ने इस बारे में कहा, 'फॉरेंसिक समेत अन्य रिपोर्ट मिलने के बाद ही स्पष्ट होगा कि किसने दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया है।'