दीपावली के दिन सुबह में कमालगाजी में भयानक सड़क हादसा हुआ जिसमें एक बाइक सवार युवक फ्लाईओवर से नीचे आ गिरा। सोमवार की सुबह यह दुर्घटना करीब 10.30 बजे की बतायी जाती है। युवक की हालत काफी गंभीर बतायी जाती है, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि लापरवाही से मोटरसाइकिल भगाने के चक्कर में अरुण नस्कर (35) नामक उक्त युवक दुर्घटना का शिकार हो गया।
बताया जाता है कि बाइक सवार ने मोटरसाइकिल पर नियंत्रण खो दिया था और पहले जाकर वह विपरीत दिशा से आ रहे एक और मोटरसाइकिल से जा टकराया। इसके बाद उसे डिवाइडर से धक्का लगा। बाइक की गति अत्यधिक तेज होने की वजह से वह फ्लाईओवर से सीधे नीचे आ गिरा। वहीं डिवाइडर से धक्का लगने के बाद उक्त बाइक सवार की मोटरसाइकिल ने थोड़ा आगे जाकर पैदल चल रहे एक व्यक्ति को भी धक्का मारा, जिसमें पैदल यात्री को भी चोट आयी है।
सोमवार की सुबह बारुईपुर के धोपागाछी इलाके में रहने वाले अरुण नस्कर कमालगाजी फ्लाईओवर से होकर कोलकाता की तरफ जा रहे थे। बताया जाता है कि वह एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं। मिली जानकारी के अनुसार तेज गति की वजह से अरुण की बाइक अनियंत्रित होकर पहले विपरित दिशा से आ रहे अपूर्व मंडल नामक एक युवक की बाइक से जा भीड़े। अपूर्व खुदीराम बोस मेट्रो स्टेशन के पास रहते हैं। वह दिवाली के दिन पटाखे खरीदकर घर वापस लौट रहे थे। इस दुर्घटना में अपूर्व को भी गंभीर चोट आयी है।
अपूर्व की मां सुलता मंडल ने बताया कि सुबह के समय अपूर्व पटाखे खरीदने गया था। कुछ देर ही फोन आया कि उनका बेटा अस्पताल में भर्ती है। ब्रिज के ठीक नीचे ही आर्यन नामक एक युवक की दुकान है। उन्होंने बताया कि वह सुबह अपनी दुकान पर ही बैठे हुए थे। अचानक शेड के ऊपर तेज आवाज आयी।
तेजी से बाहर निकलकर देखा तो एक युवक वहां गिरा हुआ था। इसे देखते ही उनके मुंह से चीख निकल पड़ी। इतनी देर में ब्रिज के ऊपर भी शोरगुल मचने लगा था। एक अन्य प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि फ्लाईओवर से नीचे उतरते समय एक बाइक सवार नीचे गिर गया। बाइक की रफ्तार काफी तेज थी। इस दुर्घटना में दो लोग घायल हो गए हैं, जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है।