महिला BLO पर लगा भाजपा के बूथ एजेंट को थप्पड़ मारने का आरोप

भाजपा समर्थकों का आरोप है कि अंजना मंडल ने पहले सुरजीत को थप्पड़ मारा।

By सायनी जोआरदार, Posted By : मौमिता भट्टाचार्य

Nov 06, 2025 11:10 IST

बारुईपुर में भाजपा के बूथ लेवल एजेंट या बीएलए-2 की कथित तौर पर पिटाई करने का मामला सामने आया है। इस घटना का आरोप बीएलओ और तृणमूल कांग्रेस पर लगाया गया है। घटना बुधवार की रात की बतायी जाती है। दक्षिण 24 परगना के बारुईपुर पूर्व विधानसभा क्षेत्र के बेगमपुर ग्राम पंचायत के दुशो कॉलोनी इलाके में घटी।

हालांकि महिला बीएलओ का आरोप है कि भाजपा समर्थकों ने उन्हें धमकी थी। आरोप है कि उन्हें धमकी दी गयी थी कि अगर वह उनके साथ नहीं घुमी तो उसकी नौकरी छीन ली जाएगी। तृणमूल ने भी पिटाई के आरोप को मानने से इनकार किया है। उनका आरोप है कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने नशे की हालत में आपस में ही मारपीट की थी।

मिली जानकारी के अनुसार बुधवार को भाजपा के बीएलए-2 सुरजीत विश्वास बीएलओ अंजना मंडल के पास अपना पहचान पत्र जमा कराने गए थे। आरोमप है कि किसी बात पर दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई। भाजपा समर्थकों का आरोप है कि अंजना मंडल ने पहले सुरजीत को थप्पड़ मारा।

इसके बाद बेगमपुर ग्राम पंचायत की उप-प्रधान रिया बर्मण के पति और वहां मौजूद अन्य तृणमूल नेता चयन बर्मण के नेतृत्व में तृणमूल कार्यकर्ताओं ने सुरजीत विश्वास की जमकर पिटाई की। तृणमूल कार्यकर्ताओं को रोकने की कोशिश कर रहे एक भाजपा नेता पर भी हमला करने का आरोप लगाया गया। उनके सिर पर चोटें आईं हैं।

भाजपा के बारुईपुर पश्चिम-1 मंडल अध्यक्ष श्यामसुंदर चक्रवर्ती का आरोप है कि तृणमूल कांग्रेस ने ही बूथ संख्या 58 की बीएलओ अंजना मंडल को आंगनवाड़ी कर्मी बनाया है। इस अहसान का बदला वह भाजपा कर्मी को पीटकर चुका रही हैं। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि वह फॉर्म देने के लिए निकली तो उन्होंने भाजपा के बीएलए-2 को बुलाया और उसका कागज फाड़ दिया। उन्होंने उसे थप्पड़ मारे।

इसके बाद उप प्रमुख के पति ने 15-20 लोगों को लेकर हमारे बीएलए-2 की पिटाई की। हालांकि अंजना मंडल ने इन सभी आरोपों को मानने से इनकार कर दिया है। उन्होंने पलटवार करते हुए दावा किया कि उन्हें भाजपा के लोगों ने धमकाया है। अंजना मंडल का आरोप है कि मैं 30 साल से काम कर रही हूं। किसी ने भी मुझे इस तरह से अपमानित नहीं किया है। भाजपा ने आज मेरे साथ जो किया उससे मेरे आत्मसम्मान को ठेस पहुंची है। वे फेसबुक पर मेरे नाम से झूठी अफवाहें फैला रहे हैं, मुझे बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं। मुझे इस तरह काम करने में डर लग रहा है। इसके साथ ही उन्होंने अपने लिए सुरक्षा की मांग भी की है।

मिली जानकारी के अनुसार भाजपा समर्थकों ने आरोपियों के खिलाफ बारुईपुर पुलिस स्टेशन में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। हालांकि चयन बर्मण ने हमले की बातों को स्वीकार करने से इनकार कर दिया है। उनका दावा है कि भाजपा समर्थक नशे की हालत में आपस में ही लड़ पड़े थे। अब इस घटना में तृणमूल को बदनाम करने की कोशिशें की जा रही हैं।

Prev Article
निःशर्त नागरिकता की मांग, SIR के खिलाफ मतुआ समाज का अनशन शुरु
Next Article
स्कूटर का पहिया फिसला और बच्चे को बचाने में ट्रक की चपेट में आकर मां ने गंवायी जान

Articles you may like: