सरकारी अधिकारी के खिलाफ दुष्कर्म का आरोप लगने के बाद से ही दक्षिण 24 परगना जिले के सोनारपुर में हंगामा मच गया है। युवती से दुष्कर्म का आरोप भूमि सुधार विभाग के एक अधिकारी पर लगाया गया है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार उक्त अधिकारी, अमित दे की पीड़िता के परिवार के साथ पहले से ही जान-पहचान थी। आरोप है कि इसी बात का फायदा उठाते हुए पिछले कई सालों से आरोपी पीड़िता से दुष्कर्म कर रहा है।
हाल ही में युवती की शादी तय हुई जिसके बाद यह पूरा मामला सामने आया है। सोमवार (26 जनवरी) को युवती के परिवार ने अमित दे के खिलाफ थाना में शिकायत दर्ज करवायी है। युवती ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि उसके पिता पेशे से प्लंबर हैं। वर्ष 2019 में अमित दे के घर पर उसके पिता पाइप लाइन के काम के सिलसिले में गए थे।
Read Also | सागरद्वीप में मछुआरों ने निकाली रैली, आंदोलन की दी धमकी
उसी समय दोनों परिवारों में जान-पहचान हुई। आरोप है कि उस समय आरोपी ने युवती को घर से दूर कहीं और ले जाकर कई बार दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया था। युवती का दावा है कि तब वह नाबालिग थी। आरोप है कि युवती का आपत्तिजनक वीडियो और फोटो दिखाकर परिवार को ब्लैकमेल करने की कोशिश भी की गयी।
हाल ही में युवती की शादी तय हुई। आरोप है कि अमित दे ने वर पक्ष के घर जाकर खुद ही घटना की जानकारी दी। शादी टूट जाने के बाद युवती के परिजनों ने सोमवार को सोनारपुर थाना में शिकायत दर्ज करवायी। बताया जाता है कि दर्ज शिकायत के आधार पर अमित दे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मिली जानकारी के अनुसार अमित दे पहले से ही शादीशुदा है और उसके बच्चे भी हैं।