सागरद्वीपः दक्षिण 24 परगना जिले के सागरद्वीप(गंगासागर) के मछुआरों ने सोमवार को समुद्र तट पर एक रैली निकाली। सागरद्वीप के महिषाभारी से हातीपीटिया तक 7 किलोमीटर तक निकाली गई रैली में महिलाओं की भी संख्या काफी दिखी। सागर मत्स्यजीवि फोरम के सचिव अब्दार मल्लिक ने बताया कि 10 सूत्री मांगों को लेकर मछुआरों का आंदोलन शुरु हो गया है। उनकी मांगे नहीं मानी गई तो आंदोलन बड़ा हो सकता है। फिलहाल शांतिपूर्ण तरीके से रैली, जुलूस व सभा आयोजित कर सरकार और प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया जा रहा है। 10 सूत्री मांगों में प्रमुख मांग यह है कि पश्चिम बंगाल सरकार द्वारा समुद्र साथी योजना के तहत मछुआरों को 10-10 हजार रुपये देने की जो बात कही गई थी, उसका भुगतान जल्द हो। ये धनराशि उन मछुआरों के लिए है जो 15 अप्रैल से 14 जून तक मछलियां नहीं पकड़ सकते हैं क्योंकि ये दो महीने का समय मछलियों के प्रजनन का होता है जिससे इन दो महीने मछलियां पकड़ने पर रोक रहती है। दो महीने के नुकसान को देखते हुए राज्य सरकार मछुआरों को 10-10 हजार रुपये देने की घोषणा की थी। हालांकि सागरद्वीप के मछुआरों का कहना है कि उन्हें ये धनराशि अभी तक नहीं मिली है, जो कि मिलना चाहिए। 10 मांगों में एक है खोटी जमीन का पट्टा। खोटी जमीन पर मछुआरे मछलियां सुखाते हैं। अब्दार मल्लिक का कहना है कि 15 दिनों के बाद सागरद्वीप के प्रखंड विकास अधिकारी(बीडीओ) को ज्ञापन देंगे। उन्होंने बताया कि सागरद्वीप की आधी आबादी मछलियां पकड़ने और मछलियों के व्यवसाय से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि ऊंची पहुंच रखने वालों के सह पर कुछ मछुआरे बड़े-बड़े मशीनी नौका लेकर आते हैं और सारी मछलियों को अपनी जाल में फंसा लेते हैं जिससे छोटे स्तर के मछुआरों की जाल में मछलियां पकड़ में जल्द नहीं आती है, इससे उन्हें घाटा होता है। इन समस्याओं को भी बीडीओ के समझ रखा जाएगा।
सागरद्वीप में मछुआरों ने निकाली रैली, आंदोलन की दी धमकी
By लखन भारती
Jan 26, 2026 19:29 IST
सागरद्वीप में सोमवार को निकली मछुआरों की रैली।