'बांग्लार बाड़ी ग्रामीण' परियोजना के तहत आईईसी (IEC) गतिविधियों के तहत कम्यूनिटी सहभागिता को सुनिश्चित करने के लिए दक्षिण 24 परगना जिले के सागर ब्लॉक में एक खास पहल की गयी। इसमें ब्लॉक के शिक्षकों व छात्र-छात्राओं (बोर्ड परीक्षार्थियों को छोड़कर) ने रैली निकाली जिसमें जागरूकता नारे लगाए गए।
इस कार्यक्रम के माध्यम से शिक्षकों व छात्र-छात्राओं ने इस परियोजना के माध्यम से राज्य के ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोगों को पक्का मकान बतौर उपहार देने के लिए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का धन्यवाद ज्ञापन किया।
वहीं दूसरी ओर सागर ब्लॉक के प्रशासन की पहल पर 'बांग्लार बाड़ी वाल' गतिविधि का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के माध्यम से उन लोगों ने मुख्यमंत्री को पक्का मकान बनाने में सरकारी मदद करने के लिए धन्यवाद दिया, जिनको पक्का घर बनाने के लिए अनुमति पत्र मिल चुका है या फिर आर्थिक सहायता मिल गयी है।
स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इस पहल के माध्यम से परियोजना से लाभान्वित होने वाले नागरिकों ने अपनी-अपनी कृतज्ञता को दीवार पर लिखकर और मुख्यमंत्री की इस पलह को लेकर अपने विचारों को व्यक्त कर उन्हें धन्यवाद दिया।
इस कार्यक्रम में हिस्सा लेने वाले सभी नागरिकों का कहना है कि पश्चिम बंगाल सरकार की आर्थिक मदद की वजह से उनका पिछले लंबे समय से पक्के मकान में रहने का जो सपना था, वह पूरा हो सका है।