समाचार एई समय : भाजपा सांसद खगेन मुर्मू को देखने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी सिलीगुड़ी के अस्पताल में पहुंची। चोट गंभीर होने के कारण मालदह उत्तर के भाजपा सांसद खगेन मुर्मू (BJP MP Khagen Murmu) आईसीयू में भर्ती हैं। मंगलवार को मुख्यमंत्री दुधिया से लौटते समय अचानक सिलीगुड़ी के उस निजी अस्पताल में पहुंच गयी। वह गाड़ी से उतरकर सीधे अस्पताल के अंदर पहुंची जहां सांसद इलाजरत हैं। उन्होंने सांसद से बात भी की।
बाद में बाहर आकर पत्रकारों से बात करते हुए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि वह डायबिटिक हैं। कान के नीचे चोट लगी है। उन्हें निगरानी में रखा गया है। मैंने मिलकर आई हूं। बात भी की है। कहा है आप जल्दी स्वस्थ हो जाइए। मेरी डॉक्टर से भी बात हुई है।
इसी अस्पताल में सिलीगुड़ी के विधायक शंकर घोष भी भर्ती हैं। सोमवार को वह भी आक्रमण के शिकार हुए थे। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार खगेन मुर्मू का इलाज अस्पताल के जिल मंजिल पर किया जा रहा है,ठीक उसके ऊपर वाली मंजिल पर ही शंकर घोष भी भर्ती हैं। हालांकि मुख्यमंत्री ने उनसे मुलाकात नहीं की, जिसको लेकर चर्चाओं का बाजार भी गर्म हो गया है।
बता दें, सोमवार को नागराकाटा के बामनडांगा क्षेत्र का निरीक्षण करने गए भाजपा सांसद खगेन मुर्मू और विधायक शंकर घोष पर हमला किया गया था। युवकों के एक समूह ने उन पर हमला किया। आरोप है कि पहले शंकर घोष को धक्का मारा गया। उसके बाद आरोपियों ने सांसद और विधायक को दौड़ाकर गाड़ी तक ले गए।
आरोप है कि जब खगेन और शंकर बिल्कुल गाड़ी के सामने थे, उस समय शंकर की पीठ पर जूते से मारा गया। वहीं खगेन मुर्मू को लक्ष्य करके ईंट फेंकी गई। सामने से चोट लगने के कारण सांसद खून से लथपथ हो गए। किसी तरह दोनों जनप्रतिनिधियों को बचाकर अस्पताल ले जाया गया।
सूत्रों की माने तो खगेन मुर्मू की एक आंख में गंभीर चोट लगी है। नाक पर भी चोट लगी है। चेहरे पर टांके लगाए गए हैं। बताया जाता है कि बेहतर इलाज के लिए उन्हें दिल्ली ले जाने की योजना भी बनाई जा रही है।