खगेन मुर्मू और शंकर घोष हमला : 2 और आरोपी समेत कुल 4 गिरफ्तार

सोमवार को घटी हमले की इस घटना में भाजपा ने 8 लोगों पर आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज करवायी थी। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि गिरफ्तार सभी लोगों का नाम पर FIR किया गया है अथवा नहीं।

By Moumita Bhattacharya

Oct 09, 2025 12:22 IST

समाचार एई समय : नागराकाटा में भाजपा सांसद खगेन मुर्मू और विधायक शंकर घोष पर हमले के मामले में गुरुवार को दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। बुधवार के बाद गुरुवार को हुई गिरफ्तारी के बाद इस मामले में अब तक कुल 4 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार को शाहनूर आलम और तुवाफल हुसैन को गिरफ्तार किया गया है। इससे पहले बुधवार को गोविन्द शर्मा और अक्रामूल हक नामक दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। इस मामले में अब तक गिरफ्तार सभी आरोपी नागराकाटा के रहने वाले ही बताए जाते हैं। बता दें, सोमवार को घटी हमले की इस घटना में भाजपा ने 8 लोगों पर आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज करवायी थी। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि गिरफ्तार सभी लोगों का नाम पर एफआईआर (FIR) किया गया है अथवा नहीं।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार दो अन्य व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। सोमवार को नागराकाटा के वामनडांगा में राहत सामग्री वितरित करने गए मालदह उत्तर के सांसद खगेन मुर्मू और सिलीगुड़ी के विधायक शंकर घोष पर हमला किया गया था। इस हमले में शंकर घोष के हाथों पर चोट आयी थी लेकिन खगेन मुर्मू गंभीर रूप से घायल हो गए थे। वर्तमान में उनका इलाज सिलीगुड़ी के एक निजी अस्पताल में किया जा रहा है।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार उनकी आंखों के ठीक नीचे गाल की हड्डी टूट गयी है। बताया जाता है कि उनको ठीक होने में लंबा समय लग सकता है। इस घटना के अगले दिन ही मुख्यमंत्री ममता बनर्जी खगेन मुर्मू से मिलने अस्पताल गयी थी। वहां उन्होंने डॉक्टरों से भी बात की थी। वहीं भाजपा सांसद सुकांत मजूमदार का दावा है कि सांसद मुर्मू को जो चोट लगी है, उसे ठीक होने में करीब डेढ़ माह का वक्त लग जाएगा। फिलहाल वह ज्यादा बात भी नहीं कर पा रहे हैं।

बुधवार को उन्होंने चेतावनी दी थी कि अगर इस मामले में पुलिस ने किसी को गिरफ्तार नहीं किया तो भाजपा अपने हिसाब से 'ट्रिटमेंट' करेगी। इसके बाद ही बुधवार की शाम के समय दो लोगों को गिरफ्तार करने की जानकारी मिली। गुरुवार की सुबह इस मामले में 2 और लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

Prev Article
बालुरघाट जिला अस्पताल से नवजात शिशु को चुराने के आरोप में 2 महिला गिरफ्तार
Next Article
पूर्व केंद्रीय मंत्री जॉन बार्ला ने अपने लिए चुनी नई जीवनसंगिनी, कौन हैं वह?

Articles you may like: