समाचार एई समय : अस्पताल से नवजात शिशु को चुराने का आरोप दो महिलाओं के खिलाफ लगाया गया है। यह घटना बालुरघाट जिला अस्पताल की बतायी जाती है। मिली जानकारी के अनुसार बुधवार की रात को दक्षिण दिनाजपुर जिला मुख्यालय शहर की इस घटना के सामने आने के बाद से अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया है। आरोपी दोनों महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
आरोप है कि अस्पताल के सुरक्षाकर्मी और स्वास्थ्यकर्मियों की नजर बचाकर दोनों महिलाएं नवजात शिशु को ले जाने की कोशिश कर रही थी। बुधवार की रात को बालुरघाट जिला अस्पताल यानी सुपर स्पेशालिटी अस्पताल के प्रसूति वार्ड से किसी दूसरी महिला का बच्चा ले जाने की कोशिश करने का आरोप दोनों महिलाओं पर लगाया गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर बालुरघाट थाने की पुलिस पहुंच गयी। बताया जाता है कि दोनों महिलाओं को गिरफ्तार कर थाना ले जाया गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार पूछताछ के दौरान दोनों की बातों में असंगति देखी गयी है। वास्तव में क्या घटना घटी थी, इसकी जांच बालुरघाट थाना पुलिस कर रही है। गिरफ्तार दोनों महिलाओं की पहचान करने की कोशिशें भी पुलिस कर रही है। जानकारी के अनुसार दोनों महिलाओं के साथ एक बच्चा भी था। वह बच्चा किसका है, यह जांच भी पुलिस कर रही है।
इधर, शिशु चुराने के प्रयास की घटना के सामने आने के बाद बाद से ही अस्पताल में सुरक्षा-व्यवस्था को लेकर अन्य मरीजों के परिजन सवाल उठा रहे हैं। हालांकि अस्पताल प्रबंधन का दावा है कि इस मामले में बुधवार देर रात तक अस्पताल के पास कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं हुई है। बताया जाता है कि इस घटना के बाद से अस्पताल में सुरक्षा को कड़ी कर दी गयी है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार की देर रात दो महिलाएं नशे की हालत में अस्पताल के प्रसूति वार्ड में गईं। वहां से एक नवजात शिशु को गोद में लेकर ले जाने की कोशिश करने लगी। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात नर्स और सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें देख लिया। इसके बाद ही पुलिस को सूचना दी गयी जिसके बाद मौके पर पहुंचकर पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।