कॉलेज में पास कराने के नाम पर पैसे लेने के आरोप में एक टोटो चालक को गिरफ्तार किया गया है। यह दक्षिण दिनाजपुर के बालुरघाट की घटना है। गिरफ्तार व्यक्ति का नाम जूलियस मोल्ला (30) है। वह अपना परिचय सबको कॉलेज कर्मचारी के रूप में देता था। कुछ दिन पहले बालुरघाट महिला कॉलेज की एक छात्रा को पास कराने के नाम पर उससे जूलियस ने पैसे की मांग की। इसके बाद ही वह छात्रा बालुरघाट साइबर सेल के पास चली गई। उसके बाद ही'जीनियस' जूलियस की सभी करतूतें सामने आयीं। जूलियस ने कम से कम 50 लोगों से पास कराने के नाम पर पैसे की मांग की थी। कई लोगों ने उसे पैसे दिये भी थे।
जूलियस गंगारामपुर थाने के अशोकग्राम ग्राम पंचायत के शंकर इलाके का निवासी है। पिछले दो महीनों में बालुरघाट गर्ल्स कॉलेज के फर्स्ट सेमेस्टर में फेल हुई करीब 50 छात्राएं जूलियस के जाल में फंस चुकी हैं। एक छात्रा को जूलियस पर संदेह हुआ। इसके बाद उस छात्रा ने22 जुलाई को साइबर क्राइम थाने में उसके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
जांच पड़ताल करने पर पुलिस को टोटो चालक जूलियस मोल्ला का पता चला। जूलियस पहले गोवा में काम करता था। डेढ़ साल पहले यहां आकर टोटो चलाना शुरू कर दिया। बालुरघाट के DSP (हेड क्वार्टर) बिक्रम प्रसाद ने बताया, उसके टोटो में कॉलेज की जो छात्राएं आया जाया करती थीं उनसे वह दोस्ती कर लेता था। कोई फेल हुआ है यह जानने के बाद वह पैसे ऐंठने के लिए जाल बिछाता था। घर फोन करने के बहाने वह छात्राओं का फोन नंबर सेव कर लेता था। बाद में घर बैठकर फोन करके खुद को कॉलेज कर्मचारी बताकर पैसे की मांग करता था। वह पैसा देने पर पास कराने का दावा करता था। DSP ने बताया कि अपनी चालाकी से वह कॉलेज की छात्राओं के WhatsApp ग्रुप में भी घुस गया था।
फिलहाल पुलिस जूलियस को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ कर रही है। उसके पास से दो मोबाइल फोन और चार सिम कार्ड बरामद हुए हैं।