मंगलवार को एक बार फिर से एनफोर्समेंट डायरेक्टोरेट (ED) सक्रिय हो गया। नगर निगम में नियुक्ति भ्रष्टाचार के मामले में कोलकाता की कई जगहों पर ईडी का छापा पड़ा। मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार की सुबह बेलेघाटा, बेंटिक स्ट्रीट, पार्क स्ट्रीट सहित कई जगहों पर ईडी की तलाशी चल रही है। इससे पहले राज्य के मंत्री सुजीत बसु के कई रेस्तरां और उनके करीबियों के घरों पर भी तलाशी अभियान चलाया गया था।
जानकारी के अनुसार बेलेघाटा के एक व्यापारी के घर सुबह करीब 7 बजे ईडी अधिकारी पहुंचे। अधिकारियों के इस समूह में एक महिला अधिकारी सहित ईडी के 6 अफसर शामिल थे। मिली जानकारी के अनुसार बेलेघाटा के 75 नंबर हेमचंद्र नस्कर रोड पर लक्ष्मीरामलाय नामक घर में एक कपड़ा व्यापारी रहता है। इसके अलावा व्यापारी के भाई के घर पर भी ईडी की छापेमारी चल रही है। दोनों व्यापारियों का नाम रणजीत चौधरी और विश्वजीत चौधरी बताया जाता है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार विश्वजीत पिछले लंबे समय से कपड़े के व्यवसाय से जुड़ा हुआ है। वहीं दूसरी ओर रणजीत चौधरी रिएल ईस्टेट और निर्माण कार्यों से जुड़ा हुआ है। हालांकि दोनों भाई निगम में नियुक्ति भ्रष्टाचार से किस प्रकार जुड़े हुए हैं, इस बारे में अभी तक कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है। हालांकि सूत्रों के हवाले से दावा किया जा रहा है कि निगम भ्रष्टाचार की जांच के दौरान किसी प्रकार उनकी कंपनी का नाम सामने आया है। बताया जाता है कि ईडी इन्हीं मामलों में तलाशी अभियान और छापेमारी कर रही है।