हाल ही में एसएसकेएम (SSKM) अस्पताल में डॉक्टर होने का फर्जी दावा करते हुए एक किशोरी से यौन उत्पीड़न का मामला सामने आया है। इस मामले में दर्ज शिकायत के आधार पर पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। उस घटना को बीते अभी 1 महीने का समय भी नहीं हुआ होगा। एक बार फिर से राज्य का यह सुपर स्पेशियालिटी अस्पताल चर्चा में छा गया है। इस बार क्यों हो रही है एसएसकेएम की चर्चा?
आरोप है कि SSKM अस्पताल के मेन ब्लॉक के केबल वार्ड में एक अनजान व्यक्ति नशे की हालत में घुस गया। घटना गुरुवार (6 नंवबर) की सुबह करीब 11 बजे की बतायी जाती है। उक्त व्यक्ति के वार्ड में घुसने के तुरंत बाद ही इस तरफ संबंधित वार्ड के नर्सिंग स्टाफ का ध्यान गया। बताया जाता है कि इसके तुरंत बाद अस्पताल के आउट पोस्ट पर मामले की जानकारी दी गयी।
मिली जानकारी के अनुसार अस्पताल के नर्सिंग स्टाफ के साथ उक्त व्यक्ति की बहस भी हुई। गुरुवार की इस घटना के संबंध में अस्पताल प्रबंधन की तरफ से SSKM के आउटपोस्ट में शिकायत दर्ज करवायी गयी है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस घटना की जांच कर रही है। जानकारी के मुताबिक गुरुवार की शाम को इस घटना में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है। बाद में अम्बर रॉयचौधरी नामक उक्त व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया।
बताया जाता है कि गिरफ्तार व्यक्ति मनोहरपुकुर रोड का निवासी है। बताया जाता है कि उक्त व्यक्ति ने खुद को अस्पताल का कर्मचारी बताकर ही वहां प्रवेश किया था। भवानीपुर थाना मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर उक्त व्यक्ति अस्पताल में आया क्यों? सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार उक्त व्यक्ति के पास कोलकाता नगर निगम का एक परिचय पत्र मिला है। हालांकि यह असली है या नकली, इसकी जांच की जा रही है।