🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

साल के आखिरी रविवार चिड़ियाघर में पहुंचे 71,000 लोग, किसके सिर सजेगा नए साल के फेस्टिव सीज़न का ताज?

इको पार्क के रखरखाव का काम देखने वाले हिडको के एक अधिकारी का दावा है कि रविवार तो बस लीग मैच है। सेमीफाइनल और फाइनल (31 दिसंबर और 1 जनवरी) का ताज हमारे सिर पर ही सजेगा।

By Shyam Gopal Ray, Posted By : Moumita Bhattacharya

Dec 29, 2025 12:04 IST

क्रिसमस की छुट्टी में घूमने जाने वाली जगहों की सूची में न्यू टाउन का इको पार्क सबसे ऊपर था। गुरुवार को क्रिसमस के दिन इको पार्क में आने वाले लोगों की संख्या करीब 51,596 थी। लेकिन उस दिन अलीपुर चिड़ियाघर में घूमने आने वाले लोगों की संख्या काफी कम रही थी। क्रिसमस के दिन सिर्फ 44,654 लोग ही चिड़ियाघर पहुंचे थे।

लेकिन साल के आखिरी रविवार ने पासा पलट दिया। रविवार को चिड़ियाघर ने इको पार्क को पीछे छोड़ दिया। साल के आखिरी रविवार को जहां 49,294 लोग इको पार्क में घूमने गए थे वहीं 71,100 लोग चिड़ियाघर पहुंचे।

इको पार्क के रखरखाव का काम देखने वाले हिडको के एक अधिकारी का दावा है कि आज (रविवार) तो बस लीग मैच है। सेमीफाइनल और फाइनल (31 दिसंबर और 1 जनवरी) का ताज हमारे सिर पर ही सजेगा। वहीं दूसरी ओर चिड़ियाघर के अधिकारियों ने इस दावे को खारिज करते हुए भरोसा जताया कि आप सुबह की शुरुआत देखकर समझ सकते हैं कि पूरा दिन कैसा बीतेगा। आज की भीड़ हमें बता रही है कि हम आने वाले दिनों में भी जीतेंगे।

आमतौर पर हर साल क्रिसमस के दिन चिड़ियाघर आने वाले दर्शकों की संख्या 60,000 से ज्यादा ही होती है। पिछले साल 69,000 से ज्यादा लोग चिड़ियाघर घूमने पहुंचे थे। चिड़ियाघर के अधिकारियों का दावा है कि इस साल क्रिसमस के दिन दर्शकों की संख्या कम होने की प्रमुख वजह चिड़ियाघर की साप्ताहिक छुट्टी को लेकर लोगों में फैला भ्रम था। हर गुरुवार को अलीपुर चिड़ियाघर बंद रहता है लेकिन 25 दिसंबर होने की वजह से इस सप्ताह में चिड़ियाघर को खुला रखने का फैसला लिया गया था।

हालांकि चिड़ियाघर के अधिकारियों का दावा है कि इस बाबत चिड़ियाघर की वेबसाइट पर पहले ही यह घोषणा कर दी गई थी। लेकिन कई ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर चिड़ियाघर को 'बंद' दिखाया जा रहा था। संभवतः इसी वजह से क्रिसमस के दिन अधिक लोग चिड़ियाघर नहीं आएं।

वहीं साल की आखिरी रविवार ने 25 दिसंबर की बुरी यादों को मिटा दिया। चिड़ियाघर के अधिकारियों का मानना ​​है कि रविवार का मौसम भी इसका एक बड़ा कारण है। कोलकाता में लगातार दो दिनों से न्यूनतम तापमान 12 के आसपास रहा है लेकिन रविवार को न्यूनतम तापमान थोड़ा ऊपर गया है। सुबह से सूरज दिखाई नहीं दे रहा था, हल्की धुंध छाई हुई थी। लेकिन सुबह 10 बजे के बाद सूरज निकलने के बाद स्थिति ठीक हो गई।

चिड़ियाघर की निदेशक तृप्ति शाह ने बताया कि त्योहारों का मौसम शुरू होने के साथ ही अच्छे मौसम की वजह से अच्छी संख्या में दर्शक यहां आ रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि दर्शक के आराम के लिए कई नई व्यवस्थाएं शुरू की गयी है। यह सभी व्यवस्थाएं इसलिए की गयी है ताकि लोग बाघों और दूसरे जानवरों को अच्छी तरह से देख सकें।

चिड़ियाघर व इको पार्क के अलावा रविवार की सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग एक्वाटिका वॉटर पार्क, साल्टलेक में निको पार्क, म्यूजियम, साइंस सिटी, मिलेनियम पार्क और विक्टोरिया में उमड़ रहे थे। ऑफबीट जगहों में अलीपुर करेक्शनल फैसिलिटी म्यूजियम, न्यू टाउन में एयरक्राफ्ट म्यूजियम और मदर वैक्स म्यूजियम में भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।

Prev Article
काम नहीं कर रहा मोबाइल ऐप, टिकट काउंटर पर लंबी लाइन...शिकायतों के बाद कोलकाता मेट्रो ने तोड़ी चुप्पी
Next Article
हावड़ा-कोलकाता स्टेशन से कई ट्रेनों का समय परिवर्तित, रूट डायवर्ट

Articles you may like: