रविवार को राज्य पुलिस की भर्ती परीक्षा, मेट्रो रेल की विशेष सेवाएं उपलब्ध - जानिए टाइमिंग

रविवार की सुबह 7 बजे से ही इन दोनों लाइनों पर मेट्रो सेवाओं का संचालन शुरू हो जाएगा। राज्य पुलिस की भर्ती परीक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।

By Moumita Bhattacharya

Oct 11, 2025 12:40 IST

रविवार को कोलकाता मेट्रो रेल (Kolkata Metro Rail) की विशेष सेवा मिलेगी। मिली जानकारी के अनुसार रविवार को राज्य पुलिस की भर्ती परीक्षा होने वाली है। इसलिए ब्लू और ग्रीन लाइन (Blue & Green Line Metro) में अतिरिक्त ट्रेनें चलाई जाएंगी। बताया जाता है कि रविवार की सुबह 7 बजे से ही इन दोनों लाइनों पर मेट्रो सेवाओं का संचालन शुरू हो जाएगा। West Bengal Police Recruitment Board की परीक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।

ब्लू लाइन में रविवार को सामान्य मेट्रो संचालन सुबह 9 बजे से शुरू होता है। लेकिन, राज्य पुलिस की भर्ती परीक्षा होने के कारण रविवार (12 अक्टूबर) को सुबह 9 बजे के बजाय सुबह 7 बजे से इस लाइन पर मेट्रो संचालन शुरू होगा। अन्य दिनों में इस लाइन में 130 ट्रेनें चलती हैं लेकिन उस दिन, अप और डाउन मिलाकर, 138 ट्रेनें चलाई जाएंगी। ग्रीन लाइन पर भी सुबह 7 बजे से मेट्रो का संचालन शुरू होगा। उस दिन 104 के बजाय 112 ट्रेनें चलाई जाएंगी।

कोलकाता मेट्रो रेल की ओर से बताया गया है कि उस दिन अंतिम ट्रेन खुलने का समय अपरिवर्तित रहेगा। लेकिन, सुबह 7 बजे से 9 बजे तक के समय में, अप और डाउन लाइन में 30 मिनट के अंतराल पर मेट्रो चलाई जाएगी।

ब्लू लाइन पर ट्रेन संचालन का समय

कोलकाता मेट्रो रेल से मिली जानकारी के अनुसार रविवार को, नोआपाड़ा से शहीद खुदीराम के लिए पहली मेट्रो सुबह 7 बजे चलेगी। शहीद खुदीराम से दक्षिणेश्वर तक के लिए पहली मेट्रो सुबह 9.04 मिनट के बजाय सुबह 7.04 बजे और दक्षिणेश्वर से शहीद खुदीराम तक पहली मेट्रो सुबह 9 बजे के बजाय सुबह 7.20 बजे खुलेगी। अंतिम मेट्रो खुलने के समय में कोई परिवर्तन नहीं होगा।

ग्रीन लाइन पर ट्रेन संचालन का समय

ग्रीन लाइन पर भी 12 अक्टूबर, रविवार को, अंतिम मेट्रो खुलने के समय में कोई बदलाव नहीं होगा। रविवार को हावड़ा मैदान से सॉल्टलेक सेक्टर 5 के लिए पहली मेट्रो सुबह 9 बजे के बजाय सुबह 7 बजे से ही शुरू होगी। दूसरी ओर सॉल्टलेक सेक्टर 5 से हावड़ा मैदान तक ट्रेन सुबह 9.02 बजे के बजाय सुबह 7.02 बजे खुलेगी।

बताया जाता है कि इस दिन यलो लाइन पर मेट्रो सामान्य समयानुसार ही चलेगी। रविवार होने के कारण उस दिन ऑरेंज और पर्पल लाइन में मेट्रो सेवाएं बंद रहेंगी।

Prev Article
दिव्यांग महिला से दुष्कर्म के आरोप में कोलकाता के नदियाल से एक गिरफ्तार
Next Article
देश में पहली बार कलकत्ता हाई कोर्ट ने दी नाबालिग के अग्रिम जमानत मांगने के अधिकार को मान्यता

Articles you may like: