कोलकाता में दिव्यांग महिला से दुष्कर्म के आरोप में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। मिली जानकारी के अनुसार यह घटना शुक्रवार की देर रात की बतायी जाती है। मामले की जांच के दौरान शनिवार की सुबह पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। घटना कोलकाता के नदियाल थानांतर्गत बतायी जाती है।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार की रात को दिव्यांग महिला को अकेला पाकर उक्त युवक ने उससे दुष्कर्म किया। इस घटना के बाद ही पीड़िता के परिजनों ने थाना में शिकायत दर्ज करवायी जिसके आधार पर पुलिस ने जांच भी शुरू कर दिया। शनिवार की सुबह करीब 6 बजे पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। बताया जाता है कि पीड़िता को स्थानीय अस्पताल में भर्ती किया गया है, जहां उसकी मेडिकल जांच की जाएगी।
शनिवार को ही पुलिस आरोपी युवक को अदालत में पेश कर पुलिस हिरासत के लिए आवेदन करने वाली है। घटना की जांच की जा रही है।
दूसरी तरफ शुक्रवार की रात को दुर्गापुर के एक निजी मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में दूसरे वर्ष की डॉक्टरी की छात्रा से भी सामूहिक बलात्कार का मामला सामने आया है। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार उक्त छात्रा अपने एक सहपाठी छात्र के साथ कॉलेज परिसर से बाहर गयी थी। आरोप है कि उसी समय 5 युवकों ने इनका रास्ता रोका। इसके बाद जबरदस्ती छात्रा को पास के जंगल में खींच कर ले गए जहां छात्रा से दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया। बताया जाता है कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।