कालीघाट थाना की पुलिस ने हथियार समेत एक संदिग्ध व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार व्यक्ति का नाम देवांजन चट्टोपाध्याय (51) बताया जाता है। उक्त व्यक्ति के बैग से एक एयर गन बरामद किया गया है। हालांकि जानकारी मिली है कि हथियार से संबंधित वैध कागजात भी पुलिस को दिखा दिए हैं। बताया जाता है कि पूछताछ के बाद उक्त व्यक्ति को थाना से छोड़ दिया गया है।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार को हाजरा मोड़ के पास संदेहास्पद तरीके से उक्त व्यक्ति को घूमते हुए देखा गया। पुलिस को जानकारी मिली तो उसे हिरासत में लेकर कालीघाट थाना ले जाया गया। तलाशी लेने पर व्यक्ति के बैग से एक एयर गन बरामद हुआ। उसके पास हथियार क्या कर रहा है? पुलिस ने बाद में इस बारे में उससे पूछताछ शुरू कर दी।
पुलिस की पूछताछ में उन्होंने बताया कि वह श्रीरामपुर राइफल क्लब का सदस्य है। इसके साथ ही उन्होंने हथियार का वैध कागजात भी पुलिस को दिखाया। जानकारी मिली है कि देवांजन चट्टोपाध्याय कोलकाता के एक प्रसिद्ध स्कूल के शिक्षक भी हैं। काफी देर तक पूछताछ के बाद पुलिस ने देवांजन को छोड़ दिया।