राज्य भर के सभी हिस्सों में गुलाबी सर्दियां पड़ चुकी है। शुक्रवार को भी कोलकाता का न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस ही बना रहा। अलीपुर मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार राज्य में सर्द हवाओं के प्रवेश करने में कोई बाधा नहीं है। पश्चिमी झंझावात या बंगाल की खाड़ी में किसी सिस्टम के नहीं होने की वजह से उत्तरी हवाएं सीधे प्रवेश कर रही हैं। सुबह के समय अधिकांश जिलों में हल्का कोहरा छाया रह रहा है। हालांकि तटवर्तीय जिलों और पर्वतीय इलाकों में कोहरा तुलनात्मक रूप से ज्यादा नजर आ रहा है।
मौसम विभाग सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार अगले शनिवार तक मौसम में कुछ खास परिवर्तन नहीं आएगा। रविवार को तापमान में हल्की वृद्धि होने की संभावना है। दक्षिण बंगाल के कुछ जिलों में उष्ण पूर्वी हवाएं बह सकती हैं। इस वजह से रविवार से मंगलवार के बीच राज्य के कुछ जिलों में 2 से 3 डिग्री तक तापमान में वृद्धि होने की संभावना जतायी गयी है। उत्तर बंगाल में फिलहाल मौसम सुखा ही बना रहेगा। बारिश होने की कोई संभावना नहीं है। तापमान सामान्य से 2 से 3 डिग्री तक नीचे जा सकती है। बताया जाता है कि अगले 6-7 दिनों तक सर्दी बनी रहेगी।
कितना रहा तापमान?
शुक्रवार को कोलकाता का सर्वाधिक तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। गुरुवार को कोलकाता का सर्वाधिक तापमान 27.7 डिग्री सेल्सियस था, जो सामान्य से 2.9 डिग्री सेल्सियस कम है। हवा में जलवाष्प की मात्रा सर्वाधिक 91 प्रतिशत और न्यूनतम 41 प्रतिशत रही।