फिर से बदल रहा है मौसम का मिजाज, दिवाली के समय बारिश की संभावना

रविवार को भी हल्के बादलों का आना-जाना लगा रहेगा। कोलकाता व गांगेय पश्चिम बंगाल के कुछ क्षेत्रों में रविवार को हल्की बारिश हो सकती है।

By Moumita Bhattacharya

Oct 18, 2025 10:22 IST

पश्चिम बंगाल से मानसूनी हवाएं तो विदा हो गयी हैं लेकिन बारिश अभी भी राज्य से जाने का नाम ही नहीं ले रही है। उत्तर भारत की शुष्क हवा के साथ जलीय वाष्प से भरी पूर्वैया हवाओं के संघर्ष के कारण बंगाल में एक बार फिर से वज्रपात वाले बादलों के बनने की संभावनाएं नजर आ रही हैं। इसके प्रभाव से आज यानी शनिवार को राज्य में कहीं-कहीं बादल गरजने के साथ हल्की बारिश होने की संभावना मौसम विभाग ने जतायी है।

बारिश की विदाई होते ही राज्य के मौसम में भी परिवर्तन होने लगा है। गुलाबी सर्दियों ने दस्तक देनी शुरू कर दी है। दिन और रात दोनों समय के तापमान में भी कमी दर्ज की जा रही है। लेकिन वर्तमान समय में जो परिस्थिति बन रही है, उससे लग रहा है कि एक बार फिर से तापमान का पारा ऊपर चढ़ने वाला है। मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार का तापमान शुक्रवार के मुकाबले 1 या डेढ़ डिग्री सेल्सियस तक ऊपर जा सकता है। रात के समय का तापमान भी 1 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है।

गौरतलब है कि शुक्रवार को देश भर से मानसूनी हवाएं विदा हो चुकी है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले शुक्रवार को दक्षिण अंडमान सागर के दक्षिण इंदिरा प्वाएंट के पास एक निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। उसके अगले 48 घंटों में यह निम्न दबाव का क्षेत्र चक्रवात में परिवर्तित हो सकता है। पुडूचेरी के तटवर्तीय इलाकों के पास चक्रवात का लैंडफॉल होने की संभावना जतायी गयी है। इस चक्रवात के प्रभाव से दक्षिण भारतीय राज्यों में भारी बारिश होने की आशंका मौसम विभाग ने जतायी है।

कैसा रहेगा दक्षिण बंगाल का मौसम?

मौसम में परिवर्तन की वजह से दक्षिण बंगाल में वज्रपात वाले बादलों की वजह से पूर्व मेदिनीपुर और दोनों 24 परगनाओं में कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना हैष इसके साथ ही तटवर्तीय क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं बह सकती हैं। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि शनिवार को पूरा दिन आसमान में हल्के बादल छाए रह सकते हैं।

रविवार को भी हल्के बादलों का आना-जाना लगा रहेगा। कोलकाता व गांगेय पश्चिम बंगाल के कुछ क्षेत्रों में रविवार को हल्की बारिश हो सकती है। सोमवार से दक्षिण बंगाल के मौसम में परिवर्तन होगा। लेकिन हवाओं में जलवाष्प की मात्रा अधिक होने की वजह से इस समय ठंड का अनुभव ज्यादा नहीं होने वाला है। बताया जाता है कि बुधवार से सर्दियों का शुष्क मौसम एक बार फिर से अनुभव हो सकता है।

उत्तर बंगाल के मौसम का हाल

मिली जानकारी के अनुसार शनिवार को पूरे दिन उत्तर बंगाल में भी बादल छाए रहेंगे। कुछ जगहों पर घने बादल भी छा सकते हैं। दिन चढ़ने के साथ उमस वाली गर्मी बढ़ने की भी संभावना है। शनिवार को उत्तर बंगाल के 3 जिलों दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी और कालिम्पोंग में हल्की से मध्य बारिश होने की संभावना मौसम विभाग ने जतायी है।

Prev Article
कसबा लॉ कॉलेज की पीड़िता छात्रा का बड़ा फैसला, दिवाली के बाद ही लेंगी दूसरे कॉलेज में दाखिला
Next Article
देश में पहली बार कलकत्ता हाई कोर्ट ने दी नाबालिग के अग्रिम जमानत मांगने के अधिकार को मान्यता

Articles you may like: