पार्क स्ट्रीट के होटल में बॉक्स बेड के अंदर से युवक का सड़ा हुआ शव बरामद करने की घटना में कोलकाता पुलिस ने दो लोगों को ओडिशा से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार दोनों व्यक्तियों का नाम सतीश बेहरा और शक्तिकांत बेहरा बताया जाता है। इस बारे में गुरुवार को लालबाजार में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर संयुक्त पुलिस कमिश्नर (एंटी क्राइम) रुपेश कुमार ने बताया कि लूटपाट के दौरान हुई हाथापाई में ही युवक की हत्या की गयी थी।
गत 24 अक्तूबर को 66 रफी अहमद किदवई रोड में एक होटल के कमरे से 25-26 साल के एक युवक का शव बरामद किया गया था। शव को होटल के कमरे में मौजूद बॉक्स बेड के अंदर छिपाया गया था। घटना की जानकारी मिलते ही पार्क स्ट्रीट थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। बताया जाता है कि शव पर हत्या के निशान स्पष्ट थे। इस मामले की जांच की जिम्मेदारी लालबाजार की जासूसी शाखा ने ली थी। पता चला कि मृतक का नाम राहुल लाल था।
हत्या के कारण के तौर पर पुलिस को पता चला कि ओडिशा में शक्तिकांत बेहरा का प्लास्टिक के फूलों का व्यवसाय था। उन्हीं चीजों को खरीदने शक्तिकांत अपने साथी सतीश के साथ कोलकाता आया था। बड़ाबाजार से सारे सामान खरीदकर दोनों घूमने निकल पड़े। विक्टोरिया मेमोरियल परिसर में दोनों की मुलाकात राहुल से हुई।
बताया जाता है कि दोनों आरोपियों ने राहुल लाल से उन्हें कोलकाता घुमाने के लिए कहा था। इसके बाद रफी अहमद किदवई रोड के एक होटल में तीनों गए जहां उन्होंने शराब पिया और खाना खाया। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि होटल में राहुल ने छुरा निकालकर शक्तिकांत और उसके साथी को डराया। दोनों को लुटने की कोशिश भी की। उसी समय तीनों में हाथापाई शुरू हो गयी। आरोपियों ने बताया कि राहुल गिर गया और बेहोश हो गया। आरोप है कि इसके बाद ही शक्तिकांत ने गले में गमछा लपेट कर दम घोंट कर उसकी हत्या कर डाली।
इसके बाद बॉक्स बेड के अंदर राहुल का शव छिपाकर शक्तिकांत और उसका साथी सतीश होटल से बाहर निकल गए। अगले दिन हावड़ा से ट्रेन पकड़कर दोनों कटक चले गए। लेकिन पुलिस की नजरों से बच नहीं सकें और आखिरकार दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। बताया जाता है कि दोनों को ट्रांजिट रिमांड पर कोलकाता लाकर गुरुवार को कोर्ट में पेश किया गया।