शोभन चटर्जी को लंबे समय बाद मिला सरकारी पद। अब क्या तृणमूल कांग्रेस में वापसी बस कुछ समय की ही बात है? त्योहारों के मौसम में बंगाल में राजनीतिक पारा भी ऊपर चढ़ता जा रहा है। इस समय चर्चाओं का केंद्र बने हुए हैं कोलकाता के पूर्व मेयर शोभन चटर्जी। मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार को शोभन चट्टोपाध्याय को न्यू टाउन कोलकाता डेवलपमेंट अथॉरिटी का चेयरमैन बनाया गया।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार को ही उत्तर बंगाल में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से जाकर उन्होंने मुलाकात की थी। शोभन चटर्जी ने अकेले ही मुख्यमंत्री के साथ कुछ देर बैठक भी दी। इसके बाद ही उनको नया पद मिलने की घोषणा कर दी गयी, जिसे लेकर चर्चाएं शुरू हो गयी हैं। अब तक न्यू टाउन कोलकाता डेवलपमेंट अथॉरिटी के चेयरमैन मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के मुख्य सलाहकार अलापन बंद्योपाध्याय थे। उनकी जगह पर अब शोभन चट्टोपाध्याय को लाया गया है।
गौरतलब है कि वह पिछले लंबे समय से कोलकाता के मेयर पद पर भी रह चुके हैं। इसलिए विशेषज्ञों का मानना है कि नागरिक सेवाओं में उनके अनुभवों का ही फायदा उठाते हुए अब न्यू टाउन की जिम्मेदारी उन्हें सौंपी गयी है। कुछ दिनों पहले ही शोभन चटर्जी अपनी महिला मित्र वैशाखी बंद्योपाध्याय के साथ उत्तर बंगाल में घूमने गए थे। उस समय बाढ़ व भूस्खलन प्रभावित इलाकों में सरकारी राहत व बचाव कार्यों का जायजा लेने के लिए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी उत्तर बंगाल के दौरे पर थी।
सूत्रों के हवाले से बताया जाता है कि गुरुवार की रात को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अपने काम से वक्त निकालकर शोभन चटर्जी के साथ बैठक की। अब कोलकाता वापस लौटते ही शोभन चट्टोपाध्याय को नया सरकारी पद मिल गया।