कोलकाता के हरिदेवपुर इलाके में दिन-दहाड़े महिला को गोली मारने की घटना में स्थानीय थाना की पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी का नाम बबलु घोष बताया जाता है। मिली जानकारी के अनुसार बबलु घोष भी स्थानीय निवासी ही है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार उक्त महिला ने आरोपी युवक के प्रेम प्रस्ताव को अस्वीकार किया था। आशंका जतायी जा रही है कि संभवतः इसी वजह से महिला पर जानलेवा हमला किया गया हो।
बता दें, सोमवार की सुबह हरिदेवपुर थाना क्षेत्र के कालीपद मुखर्जी रोड पर एक महिला को गोली मार दी गयी। घायल महिला का नाम मौसमी हल्दार (38) बताया जाता है। वह इसी क्षेत्र की निवासी है। स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार घटना सुबह 6 बजे के आसपास की बतायी जाती है। बताया जाता है कि बाइक सवार एक युवक ने बीच रास्ते में उन पर कई गोलियां दागी। गोली महिला की पीठ पर लगी और वह घायल होकर वहीं गिर पड़ी।
पुलिस ने इस घटना से जुड़े होने के संदेह में स्थानीय निवासी बबलु घोष को गिरफ्तार किया है। बबलु पश्चिम बरिशा अंचल में चिकेन की एक दुकान चलाता है। स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बबलु और मौसमी एक-दूसरे को जानते थे। दावा किया जाता है कि बबलु ने मौसमी हल्दार को प्रेम प्रस्ताव दिया था लेकिन उस प्रस्ताव को महिला ने स्वीकार नहीं किया। ऐसे में सवाल उठा रहा है कि क्या महिला ने प्रेम प्रस्ताव अस्वीकार करने की वजह से ही उनपर हमला किया गया? पुलिस बबलु घोष से पूछताछ कर रही है।
कालीपद मुखर्जी रोड की निवासी एक महिला का दावा है कि सोमवार की सुबह उन्होंने एक व्यक्ति को बाइक पर वहां खड़े रहते हुए देखा था लेकिन उक्त व्यक्ति ने हेलमेट लगा रखा था। इसलिए वह उसे पहचान नहीं पायी। उक्त महिला का दावा है कि अचानक टायर फटने जैसी आवाज सुनाई दी। इसके साथ ही एक महिला की 'बचाओ, बचाओ' कहते हुए चीखने-चिल्लाने की आवाज भी आयी। बराम्दे से झांक कर देखने पर सड़क पर एक महिला लहूलुहान पड़ी दिखी। इतनी देर में वह बाइक सवार काफी दूर निकल गया था। पुलिस इस घटना के बारे में स्थानीय निवासियों से बात कर रही है।