कोलकाताः कोलकाता नगर निगम की ओर से जारी नोटिसों को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर बुधवार को कलकत्ता हाईकोर्ट में सुनवाई होगी। यह मामला कालीघाट और न्यू अलीपुर क्षेत्र की संपत्तियों से जुड़ा है, जहां कथित अवैध निर्माण और पुनर्मूल्यांकन प्रक्रिया को लेकर विवाद खड़ा हो गया है।
सूत्रों के अनुसार, यह विवाद उन संपत्तियों से जुड़ा है जिनमें हरीश मुखर्जी रोड स्थित तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी का आवास ‘शांतिनिकेतन’ भी शामिल बताया जा रहा है। इसके अलावा हरीश चटर्जी स्ट्रीट, कालीघाट रोड और पंडितिया क्षेत्र की कई इमारतों को लेकर भी निगम ने नोटिस जारी किए थे।
कुल मिलाकर कालीघाट और न्यू अलीपुर इलाके में लगभग 17 घरों को कोलकाता नगर निगम की ओर से नोटिस भेजा गया है। इनमें कथित रूप से अवैध निर्माण और पुनर्मूल्यांकन की प्रक्रिया शुरू किए जाने की बात कही गई है।
इन नोटिसों के खिलाफ कम से कम सात संपत्ति मालिकों ने कलकत्ता हाईकोर्ट में याचिका दायर की है। याचिकाकर्ताओं में अभिषेक बनर्जी के माता-पिता लता बनर्जी और अमित बनर्जी के साथ-साथ चुनावी रणनीतिकार संस्था आईपैक का नाम भी शामिल है। इस मामले की सुनवाई आज, बुधवार को जस्टिस स्मिता दास डे की डिवीजन बेंच करेगी।
याचिकाकर्ताओं का कहना है कि उन्होंने संबंधित इमारतों का निर्माण या खरीद वैध दस्तावेजों के आधार पर किया है और उनके पास सभी जरूरी कानूनी प्रमाण मौजूद हैं। उनका आरोप है कि कोलकाता नगर निगम ने पहले 19 मई को सात दिनों के भीतर दस्तावेज जमा करने का नोटिस दिया था, लेकिन अगले ही दिन 20 मई को कथित रूप से इमारतों के अवैध हिस्सों को हटाने और कारण बताओ नोटिस लगाने की कार्रवाई कर दी गई।
याचिकाकर्ताओं का यह भी कहना है कि इतनी कम समय सीमा में जवाब देना संभव नहीं था, जिसके चलते उन्होंने अतिरिक्त समय की मांग की थी। बाद में 25 मई को उन्होंने विस्तृत जवाब देते हुए नोटिसों की वैधता पर सवाल उठाया और उन्हें वापस लेने की मांग की।
इसी बीच दक्षिण 24 परगना के आमतला स्थित एक पार्टी कार्यालय को लेकर भी तृणमूल कांग्रेस ने कलकत्ता हाईकोर्ट का रुख किया है, जिसमें आरोप लगाया गया है कि सत्ता परिवर्तन के बाद उस कार्यालय पर कब्जा कर लिया गया है। इस मामले की भी आज ही सुनवाई होनी है।
अब सभी की नजर कलकत्ता हाईकोर्ट की डिवीजन बेंच की सुनवाई पर टिकी है, जहां इस पूरे विवाद पर अहम कानूनी दिशा तय होने की संभावना है।