कोलकाता में स्वर्ण व्यापारी से भारी मात्रा में सोना लूट लेने का मामला सामने आते ही हंगामा मच गया है। घटना उत्तर कोलकाता के सिंथी इलाके की बतायी जाती है। मिली जानकारी के अनुसार स्कूटर की डिक्की में 2 किलो 380 ग्राम सोना लेकर सिंथी के स्वर्ण व्यापारी संजीत कुमार दास लौट रहे थे। वह अपने वर्कशॉप के दरवाजे तक पहुंचे ही थे कि उसी समय अपराधियों ने घात लगाकर उनके सिर पर बंदूक ताना और उनसे सोना लूट कर फरार हो गए।
यह घटना गुरुवार रात की सिंथी के अपूर्व कृष्ण लेन की बतायी जाती है। पुलिस घटना की जांच कर रही है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार संजीत पश्चिम मेदिनीपुर के निवासी हैं। लेकिन वर्तमान में सिंथी में रहते हैं। यहां उनका ज्वेलरी वर्कशॉप है। बताया जाता है कि इस दिन वह बड़ाबाजार से स्कूटर पर लौट रहे थे। उनकी स्कूटर की डिक्की में सोने की बार थी जिसका बाजार मूल्य लगभग ढाई से 3 करोड़ रुपये बताया जाता है। आरोप है वर्कशॉप के दरवाजे पर ही बाइक सवार कुछ अज्ञात युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया। फिर हथियार दिखाकर उन्हें धमकाने लगे।
खतरा भांपकर संजीत ने भागने की कोशिश भी लेकिन सफल नहीं हुए। आरोप है कि इसके बाद अज्ञात युवकों ने उन्हें घेरकर पीटना शुरू कर दिया। आखिर में स्कूटर की डिक्की में रखे 2 किलो 380 ग्राम सोना लूटकर फरार हो गए। इसके तुरंत बाद ही संजीत ने सिंथी थाने में जाकर घटना की शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने सोना लूटने की घटना की जांच शुरू कर दी है। इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। अपराधियों की तलाश में खोजबीन भी शुरू कर दी गई है। हालांकि इस लूटपाट के पीछे कौन से लोग हैं, इसका अभी तक पता नहीं चल सका है। पुलिस प्रशासन की ओर से इस बाबत अभी तक कोई जानकारी नहीं मिली है। लेकिन इस घटना के बाद रात के समय कोलकाता की सुरक्षा-व्यवस्था को लेकर नए सिरे से सवाल उठाए जा रहे हैं।