सोमवार की सुबह कोलकाता के हरिदेवपुर इलाके में उस समय आतंक फैल गया जब एक महिला को अपराधियों की गोली का शिकार हुई। मिली जानकारी के अनुसार इस गोलीबारी में महिला गंभीर रूप से घायल हो गयी हैं। उनको एमआरआई बांगुड़ अस्पताल में भर्ती करवाया गया था लेकिन स्थिति बिगड़ने पर एसएसकेएम अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया है।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार घायल महिला का नाम मौसमी हल्दार (38) है। वह उसी इलाके की रहने वाली बतायी जाती हैं। प्रत्यक्षदर्शिययों के मुताबिक सुबह करीब 6 बजे इलाके से होकर महिला पैदल ही जा रही थी। अचानक एक बाइक सवार युवक ने उनपर गोली चला दी। गोली उनकी पीठ पर लगी। गोली चलने की आवाज सुनते ही उक्त महिला का परिवार दौड़कर वहां पहुंचा। घायल महिला को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल ले जाया गया।
गोली चलने की जानकारी मिलते ही हरिदेवपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने स्थानीय लोगों से पूछताछ की है। हालांकि यह घटना क्यों घटी, इस बाबत अभी तक कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है। गोलीबारी की इस घटना के पीछे कोई पुरानी दुश्मनी या छिनतईबाजी की कोई घटना है, इन सभी पहलुओं की जांच पुलिस कर रही है।
बताया जाता है कि जिस रास्ते पर यह घटना घटी है वहां आसपास के निवासियों ने सुबह टायर फटने जैसी तेज आवाज सुनी थी। इसके साथ ही उन्हें महिला की चीख सुनाई पड़ी। बाहर आकर देखने पर उन्होंने खून से लथपथ मौसमी हल्दार रास्ते पर गिरी हुई दिखी। घटना के बाद से ही इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय निवासी अपनी सुरक्षा को लेकर काफी चिंतित नजर आ रहे हैं।