कोलकाता में लुढ़का पारा, मौसम में पहली बार पहुंचा 16 डिग्री सेल्सियस पर, कैसा है जिलों में मौसम का हाल?

कोलकाता में पहली बार महानगर का तापमान 16 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचा है। सिर्फ कोलकाता ही नहीं बल्कि जिलों में भी तापमान 13 से 14 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच चुका है।

By Moumita Bhattacharya

Nov 25, 2025 09:57 IST

नवंबर का महीना खत्म होने वाला है और ठंड का नामोनिशान नहीं है! अगर यह बात आपको परेशान कर रही थी, तो अब खुश हो जाइए। कोलकाता में तापमान का पारा नीचे लुढ़का है। इस मौसम में पहली बार महानगर का तापमान 16 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचा है। सिर्फ कोलकाता ही नहीं बल्कि जिलों में भी तापमान 13 से 14 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच चुका है। लेकिन मौसम विशेषज्ञों की माने तो कड़ाके की ठंड के लिए अभी कुछ दिनों का इंतजार और करना पड़ सकता है।

मौसम विभाग सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार दक्षिण बंगाल की खाड़ी (अंडमान सागर) पर बने निम्न दबाव का क्षेत्र उत्तर व उत्तर-पश्चिम की तरफ बढ़ रहा है। इस वजह से इसके चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना भी काफी ज्यादा है। अगर यह चक्रवाती तूफान बनता है तो इसका नाम 'सेनयार' रखा जाएगा, जिसका अरबी भाषा में मतलब सिंह होता है। मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिम बंगाल पर चक्रवाती तूफान का सीधा कोई असर नहीं पड़ेगा लेकिन नवंबर के अंत में हवा की दिशा में बदलाव हो सकता है।

कोलकाता व दक्षिण बंगाल का मौसम

मंगलवार की सुबह से ही कोलकाता में साफ धूप खिल गयी है। हालांकि महानगर के कुछ हिस्सों में कोहरा की चादर भी नजर आयी थी। बताया जाता है कि कोलकाता का मौसम फिलहाल मनोरम बना रहेगा। इस मौसम में पहली बार कोलकाता का तापमान 16 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचा है। सोमवार की रात को तापमान 16.4 डिग्री सेल्सियस था जो सामान्य से 2 डिग्री नीचे था। वहीं सोमवार को दिन का तापमान 27 डिग्री सेल्सियस था जो सामान्य से 2 डिग्री कम था।

बात अगर दक्षिण बंगाल की करें तो यहां भी मौसम शुष्क ही बना रहेगा। कुछ जिलों में सुबह के समय कोहरे का प्रभाव बढ़ेगा लेकिन दिन चढ़ने के साथ ही मौसम भी साफ हो जाएगी। मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण बंगाल के जिलों में रात का तापमान औसतन 1 डिग्री सेल्सियस कम हुआ है। अगले कुछ दिनों में तापमान और नीचे जा सकती है।

बताया जाता है कि अगले कुछ दिनों में जिलों में दिन के समय के तापमान में और गिरावट आ सकती है। गुरुवार को तटवर्तीय जिलों में कहीं-कहीं बादल छा सकते हैं और हल्की बारिश होने का भी अनुमान है। मौसम विभाग का कहना है कि जिलों में भी कड़ाके की ठंड के लिए दिसंबर के दूसरे सप्ताह तक इंतजार करना पड़ सकता है।

उत्तर बंगाल के मौसम का हाल

उत्तर बंगाल का तापमान स्वाभाविक के आसपास ही है। दिन के समय हल्की गर्मी लग सकती है लेकिन सुबह और रात को ठंड का अहसास बना रहेगा। मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार दार्जिलिंग का तापमान 5 डिग्री सेल्सियस के आसपास ही बना रहेगा। कूचबिहार, जलपाईगुड़ी और अलीपुरदुआर कोहरा छाए रहने की संभावना जतायी गयी है।

Prev Article
"SIR में राज्य की ड्राफ्ट सूची से 10 लाख मतदाताओं के नाम हट सकते हैं"
Next Article
CEO दफ्तर पर 30 घंटे का धरना, सुरक्षा को लेकर केंद्र ने कलकत्ता पुलिस कमिश्नर से मांगा जवाब

Articles you may like: