सोमवार को छठ पूजा के दिन कोलकाता मेट्रो (Kolkata Metro) की ब्लू लाइन और ग्रीन लाइन में यात्री सेवाएं कम उपलब्ध होंगी। दोनों लाइनों पर सामान्य दिनों की तुलना में कम संख्या में मेट्रो सेवाएं मिलने वाली है। इसके साथ ही ग्रीन लाइन पर मेट्रो सेवाएं शुरू होने के समय में भी बदलाव किया गया है। मेट्रो सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार सोमवार (27 अक्तूबर) को ब्लू लाइन पर अप और डाउन को मिलाकर कुल 236 मेट्रो सेवाएं उपलब्ध होंगी, जबकि सामान्य दिनों में 272 मेट्रो सेवाएं मिलती हैं।
वहीं ग्रीन लाइन पर अप और डाउन को मिलाकर सोमवार को कुल 186 मेट्रो सेवाएं उपलब्ध होंगी, जबकि सामान्य दिनों में 226 मेट्रो सेवाएं मिलती हैं। बताया जाता है कि ब्लू लाइन पर पहली और आखिरी मेट्रो के समय में कोई परिवर्तन नहीं होगा। नोआपाड़ा से शहीद खुदीराम बोस के लिए पहली मेट्रो सुबह 6.50 बजे खुलेगी। वहीं शहीद खुदीराम से पहली मेट्रो सुबह 6.54 बजे खुलेगी, जो दक्षिणेश्वर तक जाएगी। दक्षिणेश्वर से शहीद खुदीराम के लिए पहली मेट्रो सुबह 6.55 बजे खुलेगी।
रात को आखिरी मेट्रो शहीद खुदीराम स्टेशन से 9.43 बजे खुलेगी। बात अगर ग्रीन लाइन की करें, तो हावड़ा मैदान से सॉल्टलेक सेक्टर 5 के लिए पहली मेट्रो सुबह 6 बजे खुलेगी। वहीं सॉल्टलेक से हावड़ा मैदान के लिए पहली मेट्रो सुबह 6.32 बजे खुलेगी। रात को 9.45 बजे हावड़ा मैदान से आखिरी मेट्रो सॉल्टलेक के लिए खुलेगी। वहीं सॉल्टलेक से हावड़ा मैदान के लिए आखिरी मेट्रो रात 9.47 बजे खुलेगी।
बताया जाता है कि ऑरेंज, यलो और पर्पल लाइन पर मेट्रो सेवाओं में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है। इन लाइनों पर सामान्य दिनों की तरह ही मेट्रो सेवाएं उपलब्ध रहेंगी।