समाचार एई समय : हावड़ा (Howrah) को महानगर कोलकाता (Kolkata) से जोड़ने वाले विद्यासागर सेतु यानी द्वितीय हुगली ब्रिज को दो दिनों के लिए बंद रखा जाएगा। इस बारे में विज्ञप्ति जारी कर कोलकाता पुलिस (Kolkata Police) ने जानकारी दे दी है। विज्ञप्ति में ब्रिज को बंद रखने के समय से लेकर कारण व वैकल्पिक रास्तों (Alternative routes) के बारे में भी जानकारी दी गयी है।
कोलकाता पुलिस की ओर से आधिकारिक X हैंडल पर एक पोस्ट कर इस बारे में जानकारी दी गयी है, जिसमें बताया गया है कि विद्यासागर सेतु को पूरे 2 दिनों के लिए नहीं बल्कि दोनों दिन कुछ घंटों के लिए बंद रखा जाएगा। इस विज्ञप्ति के मुताबिक अगले शनिवार (11 अक्तूबर) और रविवार (12 अक्तूबर) को कुछ घंटों के लिए द्वितीय हुगली ब्रिज को बंद रखने का फैसला लिया गया है। कोलकाता पुलिस की तरफ से बताया गया है कि इस दौरान वैकल्पिक या घूम कर दूसरे रास्ते से होकर गाड़ियां आवाजाही करेंगी।
क्यों बंद रहेगा ब्रिज?
बताया जाता है कि द्वितीय हुगली ब्रिज के सेतु स्टे और होल्डिंग डाउन केबल व बियरिंग को बदलने का काम किया जाएगा। इस वजह से शनिवार और रविवार को हावड़ा को कोलकाता से जोड़ने वाली द्वितीय हुगली ब्रिज या विद्यासागर सेतु को पर ट्रैफिक नियंत्रित किया जाएगा।
कब बंद रहेगा ब्रिज?
कोलकाता पुलिस की ओर से बताया गया है कि शनिवार, 11 अक्तूबर की सुबह 5 से सुबह 9 बजे तक विद्यासागर सेतु को बंद रखा जाएगा। वहीं रविवार, 12 अक्तूबर को दोपहर 3 से रात 8 बजे तक सेतु को बंद रखने का फैसला लिया गया है। इस बाबत कोलकाता के पुलिस कमिश्नर मनोज कुमार वर्मा ने विज्ञप्ति जारी कर विस्तार से जानकारी दी है। साथ ही उन्होंने वैकल्पिक रास्तों के बारे में भी जानकारी दी है।
क्या होंगे वैकल्पिक रास्ते?
कोलकाता पुलिस की तरफ से बताया गया है :-
*ज़ीरत आईलैंड से एजेसी बोस रोड होकर जो गाड़ियां आएंगी उन्हें टर्फ व्यू से हेस्टिंग्स क्रॉसिंग की तरफ मोड़ दिया जाएगा। ये गाड़ियां सेंट जॉर्जेस गेट रोड, स्ट्रैंड रोड होकर हावड़ा ब्रिज से दाएं तरफ मुड़ेगी। हेस्टिंग्स क्रॉसिंग से दाएं तरफ मुड़कर केपी रोड की तरफ भी जा सकेंगी।
*केपी रोड होकर पश्चिम दिशा की ओर जाने वाली गाड़ियों को 11 नंबर फर्लॉन्ग गेट रोड से मोड़ दिया जाएगा। वहां से सेंट जॉर्जेस रोड, स्ट्रैंड रोड होकर ये गाड़ियां हावड़ा ब्रिज पर जाएंगी।
*खिदीरपुर की तरफ से पूर्व की ओर जाने वाली गाड़ियों को हेस्टिंग्स क्रॉसिंग से बाएं तरफ घुमा कर सेंट जॉर्जेस रोड, स्ट्रैंड रोड होकर हावड़ा ब्रिज भेजा जाएगा।
* इसके अलावा वाई प्वाएंट से घोड़ा पास होकर भी गाड़ियों को मोड़ दिया जाएगा। ये गाड़ियां केपी रोड, रेड रोड होकर हावड़ा की ओर भेजा जाएगा।
कोलकाता पुलिस की ओर से शनिवार और रविवार को घोषित समय पर विद्यासागर सेतु के बजाए वैकल्पिक रास्तों से आवाजाही करने की सलाह दी गयी है।