लखनऊ: उत्तर प्रदेश के आगरा में 100 करोड़ रुपये के क्रिप्टोकरेंसी घोटाले के दो कथित मास्टरमाइंड को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, अभियुक्तों ने चार राज्यों में हजारों लोगों को ठगा है। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान विनोद (निवासी बागपत) और विनय (निवासी लखनऊ) के रूप में हुई है। पीटीआई रिपोर्ट के अनुसार, अपर पुलिस उपायुक्त (एडीसी) आदित्य ने बताया कि अभियुक्तों ने फर्जी क्रिप्टोकरेंसी वेबसाइट बनाई और 2019, 2020 और 2021 के दौरान बड़े होटलों में सेमिनार आयोजित कर लोगों को निवेश के लिए लुभाया। उन्हें ज्यादा मुनाफे का लालच दिया गया।
पुलिस के अनुसार, केवल आगरा में ही करीब 1500 लोग इस ठगी का शिकार हुए, जबकि उत्तर प्रदेश, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में कुल मिलाकर हजारों लोग ठगे गए। जांच में सामने आया है कि अभियुक्तों ने इस योजना के जरिए हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के लोगों से करीब 100 करोड़ रुपये जुटाए और इस रकम का गलत इस्तेमाल किया। एडीसी ने बताया कि अभियुक्त विनोद के खिलाफ पहले से ही कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने बताया कि इस मामले में उनके एक साथी अजय को पहले ही आगरा पुलिस जेल भेज चुकी है, जबकि कई अन्य अभियुक्त फरार।