राजस्थानः अंता में पलट गई बाजी, उपचुनाव में कांग्रेस जीती, भाजपा दूसरे नंबर पर रही

By लखन भारती

Nov 14, 2025 15:07 IST

राजस्थान के बारां जिले की अंता विधानसभा सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी प्रमोद जैन भाया ने 15 हजार से ज्यादा मतों से जीत हासिल की है। यहां भाजपा प्रत्याशी मोरपाल सुमन को 53868 वोट मिले हैं। जानकारों का कहना है कि भाजपा की सरकार वाली राजस्थान की अंता उपचुनाव में भाजपा ने अपने प्रमुख नेताओें को प्रचार के लिए उतारा था। इसमें वसुंधरा राजे और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा दोनों के नाम शामिल थे। दोनों ने यहां प्रचार किया था। इसके बाद भी भाजपा को यहां जीत नहीं मिली है।

अंता विधानसभा सीट झालावाड़ लोकसभा में आती है जहां से पूर्व सीएम वसुंधरा राजे के बेटे दुष्यंत सिंह सांसद हैं। इसके बाद भी भाजपा पीछे रही। ये माना जा रहा है कि नरेश मीणा के यहां से उतरने की वजह से चुनाव त्रिकोणीय हो गया था। इसका सीधा नुकसान भाजपा को हुआ है। अंता विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी प्रमोद जैन भाया ने जीत दर्ज कर ली। प्रमोद को 69462 वोट मिले। वहीं भाजपा प्रत्याशी मोरपाल सुमन को 53868 वोट मिले। इसके साथ ही निर्दलीय प्रत्याशी नरेश मीणा को 53740 वोट मिले।

इस सीट पर उपचुनाव में 15 प्रत्याशी अपनी ताल ठोंक चुके हैं लेकिन संघर्ष कांग्रेस के प्रमोद जैन भाया, भाजपा के मोरपाल सुमन और एक निर्दल प्रत्याशी नरेश मीणा के बीच त्रिकोणीय था। नरेश मीणा भी पूरे दमखम के साथ मैदान में थे।

11 नवंबर को हुई थी वोटिंग

अंता विधानसभा सीट पर उपचुनाव 2025 के लिए मंगलवार 11 नवंबर मतदान हुआ था। शाम पांच बजे तक 77.17% मतदान दर्ज किया गया था। माना गया कि पिछली बार की तरह इस बार भी रिकॉर्ड वोटिंग दर्ज हुई थी।

अब तक इस सीट पर मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच ही देखने को मिला है। परंपरागत रूप से ही 2008 के चुनाव को छोड़ दें तो यहां थर्ड फ्रंट के लिए ज्यादा जगह नहीं है।

2.28 लाख मतदाता हैं अंता सीट पर

अंता विधानसभा क्षेत्र में कुल 2,28,264 पंजीकृत मतदाता हैं, जिनमें 1,16,783 पुरुष, 1,11,477 महिलाएं और 4 अन्य मतदाता शामिल हैं। आज EVM से निकलने वाले परिणाम चुनावी मैदान में उतरे उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला तय हुआ।

Prev Article
वरिष्ठ IAS अधिकारी पर पत्नी ने लगाया हमला और प्रताड़ना का आरोप, FIR दर्ज

Articles you may like: