गुवाहाटी: वोट से पहले महिलाओं का मन जीतने की कोशिश में असम सरकार ने महिलाओं के अकाउंट में 9 हजार रुपये पहुंचे। महिलाओं को आर्थिक सुविधा देने के लिए 'अरुणोदोई योजना' शुरू की गई है। इस योजना के लाभार्थियों के अकाउंट में यह पैसा भेजा गया है। चार महीनों की राशि एक साथ दी गई है। इतना ही नहीं, उन्हें बिहू का बोनस भी दिया गया है।
असम के प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक, लाभार्थियों के पास एक ही दिन में सीधे लाभ हस्तांतरण का यह अब तक का सबसे बड़ा उदाहरण है। इस योजना के तहत एक ही दिन में करीब 3600 करोड़ रुपये वितरित किए गए। मंगलवार को ही राज्य की लगभग 40 लाख महिलाओं के अकाउंट में यह पैसा भेजा गया।
महिलाओं के अकाउंट में पहुंचे 9 हजार रुपये X असम विधानसभा चुनाव नजदीक हैं। इसी महीने चुनाव की तारीखों का ऐलान हो सकता है और अगले महीने बिहू उत्सव भी है। उससे पहले मंगलवार को गुवाहाटी के खानापाड़ा स्थित ज्योति विष्णु अंतरराष्ट्रीय कला मंदिर ऑडिटोरियम से असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने वर्चुअली महिलाओं को यह राशि वितरित की। हालांकि असम के मुख्यमंत्री का दावा है कि इसका चुनाव से कोई संबंध नहीं है। यह योजना पिछले कुछ वर्षों से लगातार चल रही है।
असम के मुख्यमंत्री ने बताया कि अरुणोदोई योजना के लाभार्थी महिलाओं को एक साथ चार महीनों की राशि दी गई है। इसके साथ ही उन्हें रंगोली बिहू के बोनस के रूप में अतिरिक्त चार हजार रुपये भी दिए गए हैं।
उल्लेखनीय है कि 2020 में अरुणोदोई योजना शुरू हुई थी। यह एक सामाजिक कल्याण कार्यक्रम है। इस योजना के तहत आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की महिलाओं को हर महीने 1,250 रुपये दिए जाते हैं। इस योजना का लाभ विधवा, तलाकशुदा महिलाओं सहित कुछ निर्धारित श्रेणियों की महिलाओं को मिलता है। मंगलवार को ही लाभार्थियों ने बताया कि यह पैसा उनके अकाउंट में पहुंच गया है।