जम्मू: जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में नियंत्रण रेखा के पास हुए लैंडमाइन विस्फोट में भारतीय सेना का एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल जवान को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। सेना ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
सेना सूत्रों के अनुसार, सोमवार को केरी सेक्टर में सेना के जवान गश्त पर थे। उसी दौरान अचानक लैंडमाइन में विस्फोट हो गया, जिसमें एक जवान गंभीर रूप से जख्मी हो गया। फिलहाल जवान की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है। यह भी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि लैंडमाइन कैसे फटी।
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, घुसपैठ रोकने के लिए सीमा के पास लैंडमाइन बिछाई जाती हैं। बारिश या भूस्खलन के कारण जब मिट्टी खिसक जाती है, तो लैंडमाइन अपनी जगह से सरक जाती हैं और ऐसे हादसे हो जाते हैं। आशंका जताई जा रही है कि इस घटना में भी ऐसा ही कुछ हुआ हो सकता है। हालांकि विस्फोट के वास्तविक कारणों का अब तक खुलासा नहीं हुआ है।