रांची: जिस एयर एम्बुलेंस से गंभीर रूप से झुलसे 41 वर्षीय संजय कुमार को दिल्ली के अस्पताल ले जाया जा रहा था, वह तेज बारिश के बीच संपर्क टूटने के बाद झारखंड के चतरा जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र स्थित कसारी जंगल में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में संजय समेत सात लोगों की मौत हो गई।
कसारी जंगल से सटे गांवों के लोगों ने पुलिस और चतरा जिला प्रशासन के अधिकारियों को बताया कि सोमवार रात करीब आठ बजे तेज बारिश हो रही थी। तभी अचानक जोरदार धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। कुछ ग्रामीणों ने कहा कि आवाज किसी बड़े विस्फोट जैसी थी, जबकि कुछ को लगा कि बारिश के बीच तेज बिजली गिरी है। आवाज सुनने के बाद उन्होंने जंगल के भीतर एक बड़ा आग का गोला देखा। इससे उन्हें अंदेशा हुआ कि कोई बड़ा हादसा हुआ है।
बारिश के बीच ही कुछ ग्रामीण जंगल में पहुंचे। जहां से आग की लपटें उठ रही थीं, वहां जाकर देखा कि एक विमान गिरा हुआ है और उसमें आग लगी हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जंगल में गए लोगों में से कुछ वापस लौटे और सिमरिया थाने में फोन कर सूचना दी। इसके बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे।
#WATCH | Morning visuals from the site where an air ambulance, with seven people (including 2 crew members) on board, crashed in Kasariya Panchayat, Simariya block of Chatra district, in Jharkhand last night. pic.twitter.com/e24VdP9RcH
— ANI (@ANI) February 24, 2026
पुलिस ने बताया कि झारखंड एयर एम्बुलेंस हादसे में मृत होटल व्यवसायी संजय कुमार का घर लातेहार जिले के चंदवा में है। लातेहार में उनका एक होटल था। करीब सात दिन पहले होटल में आग लगने से वह 65 प्रतिशत तक झुलस गए थे। उन्हें स्थानीय देवकमल अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
अस्पताल के निदेशक और प्लास्टिक सर्जन अनंत सिन्हा के अनुसार, 16 फरवरी को संजय को भर्ती कराया गया था और वह पहले दिन से ICU में थे। सोमवार दोपहर करीब डेढ़ बजे परिजन उन्हें अस्पताल से ले गए और बताया कि बेहतर इलाज के लिए एयर एम्बुलेंस से दिल्ली ले जाया जाएगा। अनंत सिन्हा ने स्पष्ट किया कि उनके अस्पताल का कोई डॉक्टर या पैरामेडिकल स्टाफ संजय के साथ नहीं गया था। पुलिस के अनुसार, एयर एम्बुलेंस में मौजूद डॉक्टर का नाम विकास कुमार गुप्ता था, जो रांची के सदर अस्पताल में एनेस्थीसियोलॉजिस्ट के रूप में कार्यरत थे। उनकी पत्नी एसबीआई में नौकरी करती हैं और उनका दो साल का एक बच्चा है।