चेन्नईः चेन्नई से लगभग 87 किलोमीटर दूर मदुरंथकम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एनडीए की विधानसभा चुनाव 2026 की शुरुआत करेंगे। इस अवसर पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है और हेलीकॉप्टर लैंडिंग की सुविधा भी तैयार की गई है।
पीएम मोदी तिरुवनंतपुरम से चेन्नई हवाई अड्डे आएंगे और वहां से हेलीकॉप्टर द्वारा मदुरंथकम पहुंचेंगे। रैली स्थल पर सड़क मार्ग से पहुंचेगे और दोपहर 3 बजे जनता को संबोधित करेंगे। रैली समाप्ति के बाद पीएम मोदी 4.30 बजे हेलीकॉप्टर से चेन्नई हवाई अड्डे लौटेंगे और राष्ट्रीय राजधानी रवाना होंगे।
पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, भाजपा के तमिलनाडु अध्यक्ष नैनार नगेन्थरन ने कहा कि तमिलनाडु की सभी मजबूत पार्टियां डीएमके के प्रभाव से राज्य को बचाने के लिए एनडीए में शामिल हुई हैं। वरिष्ठ नेता पीयूष गोयल ने सहयोगियों के साथ बैठकें कर रैली में एकजुटता सुनिश्चित की।
रैली में प्रमुख सहयोगी एआईएडीएमके, एएमएमके के टीटीवी दिनाकरन, पीएमके (अनबुमनी गुट), जीके वासन की टीएमसी, टीआर पारिवेन्द्र की इंदिया जननायाग काची, एसी शंमुगम की न्यू जस्टिस पार्टी और बी जॉन पंडियन की तमिझागा मक्कल मुन्नेत्रा काची शामिल होंगे।
पूर्व सहयोगी ओ. पन्नीरसेल्वम इस रैली में शामिल नहीं होंगे। डीएमडीके के प्रेमलता विजयकांत गुट को शामिल करने के प्रयास जारी हैं। एनडीए के मंच पर सभी प्रमुख नेताओं की मौजूदगी जनता के सामने संकल्प और ताकत का संदेश देगी।
केंद्रीय मंत्री एल. मुरुगन ने कहा कि पीएम मोदी की रैली एनडीए की तमिलनाडु में चुनावी शुरुआत का प्रतीक होगी। एआईएडीएमके महासचिव ई. पलानीस्वामी ने कहा कि रैली में लगभग पांच लाख लोगों के शामिल होने की संभावना है। यह रैली राजनीतिक रूप से एनडीए के लिए मजबूत शुरुआत और डीएमके के खिलाफ संदेश देने का अवसर मानी जा रही है।