मुंबईः मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर नेपाली मूल की एक महिला को जाली भारतीय पासपोर्ट का उपयोग कर ओमान जाने की कोशिश करते हुए गिरफ्तार किया गया। यह घटना पिछले सप्ताह की बताई जा रही है, हालांकि इसकी जानकारी हाल ही में सामने आई है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार महिला की पहचान काजल लामा के रूप में हुई है, जो नेपाल के पारसा जिले की निवासी है। कई वर्ष पहले वह अपने परिवार के साथ नेपाल से हिमाचल प्रदेश आकर बस गई थी। इसी आधार पर उसने हिमाचल प्रदेश के पते पर आधार कार्ड, पैन कार्ड और एक नकली प्रमाण पत्र बनवाया। इन्हीं दस्तावेज़ों का उपयोग करते हुए उसने शिमला पासपोर्ट कार्यालय से भारतीय पासपोर्ट जारी करवाया, जो बाद में फर्जी पाया गया।
पिछले सप्ताह काजल मुंबई हवाईअड्डा से मस्कट जाने वाली फ्लाइट पकड़ने के लिए इमिग्रेशन काउंटर पर पहुंची। दस्तावेज़ों की जांच के दौरान उसका पासपोर्ट संदिग्ध पाया गया। अधिकारियों ने बताया कि उसके चेहरे से नेपाली मूल की छाप दिखने पर संदेह और गहरा हो गया। पूछताछ में काजल ने स्वीकार किया कि उसने नकली दस्तावेज़ों के आधार पर भारतीय पासपोर्ट बनवाया था। पासपोर्ट में उसने अपना पता हिमाचल प्रदेश के नोहरा का दर्ज करा रखा था।
इमिग्रेशन अधिकारी की शिकायत पर उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। उस पर भारत सरकार को धोखा देने, जाली दस्तावेज़ तैयार करने और अवैध रूप से विदेश यात्रा करने के प्रयास जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। मामले की जांच फिलहाल साहार थाना पुलिस कर रही है।