इम्फाल: मणिपुर के इम्फाल में चल रहे सांगाई पर्यटन महोत्सव के दौरान धमाके की धमकी देने के आरोप में तीन उग्रवादियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार लोगों में एक महिला भी शामिल है।
पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार पुलिस ने असम राइफल्स के साथ मिलकर एक संयुक्त अभियान चलाया और बुधवार को प्रतिबंधित कासीपी (एमएफएल) के तीन सक्रिय कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई 21 नवंबर को फेसबुक पर एक यूजर द्वारा पोस्ट किए गए वीडियो के बाद की गई जिसमें 21 नवंबर से 30 नवंबर तक चल रहे महोत्सव में बम धमाका करने की धमकी दी गई थी।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि उग्रवादियों को इम्फाल ईस्ट, इम्फाल वेस्ट और थौबल जिलों से गिरफ्तार किया गया। मामले की जांच जारी है। उल्लेखनीय है कि उत्तर पूर्वी राज्य में विस्थापित व्यक्तियों और नागरिक समाज संगठनों ने सांगाई पर्यटन महोत्सव का बहिष्कार किया है। मई 2023 से मणिपुर में मेइती और कुकी-ज़ो समूहों के बीच जातीय हिंसा में 260 से अधिक लोग मारे जा चुके हैं और हजारों लोग बेघर हो गए हैं।