हैदराबाद : मिड-डे मील खाने के बाद छात्र बीमार पड़ गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह घटना तेलंगाना के संगारेड्डी जिले की है। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार गुरुवार को संगारेड्डी जिले के एक प्राथमिक स्कूल में मिड-डे मील खाने के बाद छात्र अचानक बीमार हो गए। इनमें से 22 छात्रों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अधिकारियों ने बताया कि गुरुवार को स्कूल में छात्रों को सांभर और चावल परोसा गया था। वह भोजन खाने के बाद छात्रों की तबीयत बिगड़ गई। छात्रों को पेट दर्द होने लगा और साथ ही असहजता महसूस होने लगी। तुरंत उन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अधिकारियों ने बताया कि अब सभी छात्रों की हालत स्थिर बताया जाता है। उपचार के बाद रात में ही उन्हें छुट्टी दे दी गई। इस मामले में अभिभावकों की ओर से कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। हालांकि छात्रों के बीमार होने के कारणों की जांच की जा रही है। भोजन में किसी प्रकार की गड़बड़ी थी या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है।
यह पहली बार नहीं है। इससे पहले भी मिड-डे मील खाने के बाद छात्रों के बीमार पड़ने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इसी महीने तमिलनाडु के कोयंबटूर के ओडक्कलपलायम स्थित एक सरकारी स्कूल में मिड-डे मील खाने के बाद 33 छात्र बीमार पड़ गए थे। इसके बाद स्थानीय प्रशासन ने उस घटना की जांच के आदेश दिए थे।