मुंबई : महाराष्ट्र के बीड जिले के अंबाजोगाई तहसील के सैगांव में एक व्यक्ति को अवैध हथियार से फायरिंग करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। इस घटना से इलाके में दहशत फैल गई। पुलिस अधिकारी ने गुरुवार को बताया कि फिलहाल किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
पीटाआई की रिपोर्ट के अनुसार अभियुक्त की पहचान सैयद अहमद अली मुब्बाशिर अली हाशमी (35) के रूप में हुई है। उसने बुधवार सुबह करीब 2 बजे गोली चलाई। जिसके बाद घबराए लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस ने हाशमी को पकड़ लिया। पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार बारडापुर पुलिस अधिकारीयों ने बताया उसके पास से दो विदेशी पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
हाशमी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 110 और आर्म्स एक्ट के तहत गैर इरादतन हत्या के प्रयास और अन्य अपराधों के मामले दर्ज किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक नवनीत कंवत के मार्गदर्शन में यह जांच की जा रही है कि विदेशी हथियार कहां से आए और फायरिंग के पीछे क्या मकसद था। इलाके में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।