🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

कश्मीर में ठंड का प्रकोप तेज, पुलवामा सबसे ठंडा स्थान

By प्रियंका कानू

Dec 12, 2025 15:07 IST

श्रीनगर: कश्मीर घाटी में ठंड की लहर जारी है और न्यूनतम तापमान लगातार शून्य से नीचे बना हुआ है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी कि गर्मियों की राजधानी श्रीनगर में गुरुवार रात न्यूनतम तापमान माइनस 3.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो पिछली रात के माइनस 2.9 डिग्री सेल्सियस से भी कम है। यह तापमान मौसम के सामान्य औसत से 2.4 डिग्री कम है।

पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार कश्मीर के काजीगुंड में न्यूनतम तापमान माइनस 2.8 डिग्री, उत्तर कश्मीर के कुपवाड़ा में माइनस 3.6 डिग्री और दक्षिण कश्मीर के कोकरनाग में माइनस 0.7 डिग्री दर्ज किया गया। अमरनाथ यात्रा के प्रमुख बेस कैंपों में से एक पहलगाम में तापमान माइनस 4.6 डिग्री दर्ज किया गया। उत्तरी कश्मीर के प्रसिद्ध स्की रिसॉर्ट गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस रहा। दक्षिण कश्मीर का पुलवामा पूरे जम्मू-कश्मीर में सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां तापमान माइनस 5.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि पास के शोपियां में माइनस 5 डिग्री दर्ज हुआ।

घाटी में लगातार शुष्क मौसम के कारण खांसी और सर्दी-जुकाम जैसी बीमारियां बढ़ गई हैं। डॉक्टरों ने खासकर बच्चों और बुजुर्गों को सावधानियां बरतने और जितना संभव हो घर के अंदर रहने की सलाह दी है। मौसम विभाग के अनुसार 13 से 17 दिसम्बर के बीच उत्तर और मध्य कश्मीर के ऊंचे इलाकों में बहुत हल्की बर्फबारी की संभावना है।

विभाग ने बताया कि 18 और 19 दिसम्बर को मौसम आंशिक रूप से बादलछाया रह सकता है जबकि 20 और 21 दिसम्बर को घाटी में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या बर्फबारी की संभावना है। उसी समय से ‘चिल्लई कलां’ यानी 40 दिनों की कड़ाके की ठंड का दौर शुरू होता है। आने वाले दिनों में घाटी के कई इलाकों में हल्का से मध्यम कोहरा बने रहने की संभावना है।

Prev Article
ट्रक गहरी खाई में गिरकर पलटा, 22 प्रवासी मजदूरों की मौत – अरुणाचल में भयावह दुर्घटना
Next Article
डंडे और टॉर्च लेकर सड़कों पर उतरीं माताएं, बच्चों को चिट्टा से बचाने की मुहिम

Articles you may like: