अहमदाबाद : गुजरात के साबरकांठा जिले में पुलिस ने बच्चे के तस्करी के मामले में एक महिला सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिसकर्मिंयों नें उनके पास से एक नवजात शिशु को सुरक्षित बचाया है। अधिकारियों ने गुरुवार को बताया कि अभियुक्तों ने इस बच्चे को कथित तौर पर खरीदा था और उसे बेचने के लिए हैदराबाद ले जा रहे थे। जिस कार में तीनों अभियुक्त बच्चे के साथ यात्रा कर रहे थे, उसके चालक को भी हिरासत में लिया गया है।
पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार गुजरात एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड से मिली सूचना के आधार पर अहमदाबाद क्राइम ब्रांच (डीसीबी) की टीम ने बुधवार को जाल बिछाया। साबरकांठा जिले के हिम्मतनगर से अहमदाबाद एयरपोर्ट की ओर जा रही एक सफेद कार को रोका। जांच के दौरान कार में मौजूद लोगों के पास से एक नवजात बच्चा बरामद हुआ।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान वंदना पंचाल (34) के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के अयोध्या की रहने वाली है और वर्तमान में अहमदाबाद में रह रही है। अन्य दो अभियुक्त रोशन उर्फ सज्जन अग्रवाल (42), जो राजस्थान का निवासी है और फिलहाल हैदराबाद में रहता है। तीसरा सुमित यादव (27), जो उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर का रहने वाला है और अभी अहमदाबाद में रह रहा है। कार के चालक मौलिक दवे (32) को भी हिरासत में लिया गया है।
पूछताछ के दौरान सामने आया कि यह मामला गुजरात, तेलंगाना और उत्तर प्रदेश तक फैले एक अंतरराज्यीय बच्चा तस्करी नेटवर्क से जुड़ा है। अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि उन्होंने हिम्मतनगर के पास मुन्नू नामक व्यक्ति से 3 लाख 60 हजार रुपये में इस नवजात बच्चे को खरीदा था और उसे हैदराबाद में नागराज नाम के एक एजेंट को बेचने के लिए ले जा रहे थे।
पुलिस ने अभियुक्तों के पास से 10 हजार 50 रुपये नकद, चार मोबाइल फोन और एक कार जब्त की है। इसके साथ ही अभियुक्तों तथा बच्चे को बेचने और खरीदने वालों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं और किशोर न्याय अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि बचाए गए नवजात शिशु को तुरंत इलाज और चिकित्सकीय निगरानी के लिए चाइल्ड हेल्थ ऑफिसर को सौंप दिया गया है। इस तस्करी गिरोह के पूरे नेटवर्क का पता लगाने और फरार दलालों को पकड़ने के लिए आगे की जांच जारी है।