ठाणे: ठाणे में फर्जी जमीन दस्तावेजों के जरिए एक वित्तीय सलाहकार से 49.35 लाख रुपये की ठगी करने के आरोप में दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। यह जानकारी एक पुलिस अधिकारी ने शनिवार को दी। मामपाड़ा पुलिस थाने के अधिकारी के अनुसार, अभियुक्तों ने दिसंबर 2015 से जुलाई 2023 के बीच जाली दस्तावेजों का इस्तेमाल कर डोंबिवली पूर्व निवासी और पेशे से वित्तीय सलाहकार राजेश सुभाष जाधव (34) को निर्माण कार्य में साझेदारी के लिए फंसाया।
पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, जिन जमीनों के दस्तावेज फर्जी पाए गए हैं, वे डोंबिवली पूर्व क्षेत्र के मौजे अडजे गोलावली, मौजे दावडी, मौजे नंदिवली और मौजे गोलावली इलाके में स्थित हैं। शिकायतकर्ता ने इन भूखंडों के पुनर्विकास के लिए 49.35 लाख रुपये का निवेश किया था लेकिन बाद में उसे पता चला कि संबंधित जमीनों के दस्तावेज जाली हैं। पुलिस ने बताया कि अभियुक्तों के खिलाफ धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल अभियुक्तों की गिरफ्तारी नहीं हुई है और मामले की जांच जारी है।