शिमला: हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्से भारी बर्फबारी से प्रभावित हैं। ऐसे हालात में बर्फ से ढके एक गांव से एक बीमार बुजुर्ग महिला को भारतीय वायुसेना के जवानों ने बचाया। भारी बर्फबारी के कारण धदेरवारी गांव की सभी सड़कें बंद हो गई थीं, जिससे बुजुर्ग महिला को अस्पताल पहुंचाना लगभग असंभव हो गया था। सूचना मिलने पर शनिवार को भारतीय वायुसेना का चीता हेलिकॉप्टर करीब 9 हजार फुट की ऊंचाई पर स्थित इलाके में पहुंचा। इसके बाद वायुसेना के जवानों ने महिला को हेलिकॉप्टर में बैठाकर सुरक्षित रूप से चण्डीगढ़ लाया। फिलहाल वहीं उसका इलाज चल रहा है।
भारतीय वायुसेना ने बताया कि यह बचाव अभियान बिल्कुल भी आसान नहीं था। समुद्र तल से लगभग 9 हजार फुट की ऊंचाई पर स्थित धदेरवारी गांव में लगातार बर्फबारी हो रही थी। साथ ही घने कोहरे के कारण दृश्यता भी काफी कम हो गई थी। इसके बावजूद जोखिम उठाते हुए वायुसेना का चीता हेलिकॉप्टर वहां उतरा। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में देखा गया कि भारतीय वायुसेना के जवान स्ट्रेचर पर बुजुर्ग महिला को हेलिकॉप्टर तक ले जा रहे हैं। भारतीय सेना का चीता हेलिकॉप्टर अपनी बहुमुखी क्षमताओं के लिए जाना जाता है। यह हेलिकॉप्टर फ्रांसीसी यूरोकॉप्टर के मॉडल पर बनाया गया है। बेहद हल्का होने के कारण यह किसी भी प्रतिकूल मौसम और अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में आसानी से उड़ान भर सकता है।
वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट होते ही भारतीय सेना की जमकर तारीफ होने लगी। कई लोगों ने टिप्पणी की कि भारतीय सेना हमेशा असंभव को संभव कर दिखाती है। वहीं एक अन्य यूजर ने लिखा कि भारतीय सेना की बहादुरी के लिए हम आभारी हैं और बुजुर्ग महिला के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हैं।