दिसपुर: असम में कई स्थानों से कम से कम 50 प्रवासी पक्षियों के शव मिलने से हड़कंप मच गया है। सोमवार को हुई इस घटना के सिलसिले में पुलिस ने चार महिलाओं सहित कुल 17 लोगों को हिरासत में लिया है। मुख्य अभियुक्त के रूप में बारपेटा जिले के निवासी कालिमुद्दीन को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस को आशंका है कि जहरीले रसायनों के कारण इन पक्षियों की मौत हुई है।
वन विभाग के सूत्रों के अनुसार, माजुली द्वीप के दक्षिणापत, कुमारगांव, सुमोइमारी और रावणगांव इलाकों से पक्षियों के शव बरामद किए गए हैं। वन विभाग ने बताया कि ये पक्षी एक विशेष प्रजाति के बतख हैं, जो सर्दियों की शुरुआत में अन्य स्थानों से माजुली द्वीप में आकर रहने लगे थे।
वन विभाग ने बताया कि ये बतख स्थानीय लोगों की खेती वाली जमीनों में भोजन की तलाश में आती थीं। इसी कारण उन्हें मारने के उद्देश्य से खेतों में अधिक मात्रा में कीटनाशक और रासायनिक पदार्थ डाले गए थे। जहरीले रसायन मिले अनाज को खाने से पक्षियों की मौत हुई। विभाग ने यह भी जानकारी दी कि बरामद पक्षियों में से आठ को जीवित बचा लिया गया है और उनका इलाज रतनपुर पशु चिकित्सालय में चल रहा है।
वन विभाग के अनुसार, घने कोहरे और कड़ाके की ठंड के कारण जांच में कुछ देरी हुई है। हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि कुछ इलाकों में अब भी रासायनिक पदार्थ फैले हो सकते हैं। दोबारा ऐसी घटना न हो, इसके लिए क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।