अमरावती : आंध्र प्रदेश नेल्लोर जिले में एक ही परिवार के तीन लोगों के आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आशंका जताई है कि यह कदम बेटे को लगातार रोजगार न मिलने से उपजे गहरे मानसिक तनाव और निराशा के कारण उठाया गया।
पुलिस अधिकारी के अनुसार आंध्र प्रदेश के नेल्लोर जिले के संगम मंडल के दुव्वुरु गांव में 65 वर्षीय मधुसूदन , उनकी 56 वर्षीय पत्नी रत्नावली और उनके 26 वर्षीय पुत्र साई सम्रथ अपने घर में मृत पाए गए।
पुलिस अधिकारी ने समाचार एजेंसी प्रेस ट्रस्ट ऑफ इंडिया (पीटीआई) को बताया कि “एक परिवार के तीन लोगों ने आत्महत्या इसलिए की क्योंकि उनका बेटा लगातार स्थिर नौकरी नहीं पा सका था।”
पुलिस के अनुसार मधुसूदन एक सेवानिवृत्त शिक्षक थे, जबकि उनका पुत्र इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर चुका था। पुलिस ने यह भी जानकारी दी कि परिवार ने एक सुसाइड नोट भी छोड़ा है, जिसमें अपनी संपत्ति के विभाजन को लेकर निर्देश दिए गए हैं।