🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

नीतीश कुमार ने छोड़ी बिहार के मुख्यमंत्री की गद्दी, कब-कब कितने दिनों का रहा कार्यकाल?

अब नीतीश कुमार एक बार फिर से केंद्र की राजनीति में वापसी करने वाले हैं। राज्यसभा सांसद के तौर पर उनका शपथ ग्रहण भी हो चुका है।

By Moumita Bhattacharya

Apr 14, 2026 17:13 IST

14 अप्रैल 2026 का दिन बिहार की राजनीति के लिए बहुत बड़ा दिन रहा। लगभग 20 सालों तक लगातार बिहार का मुख्यमंत्री रहने के बाद नीतीश कुमार (Nitish Kumar) ने आखिरकार यह कुर्सी खाली कर दी। 14 अप्रैल को ही उन्होंने अपने मंत्रिमंडल की आखिरी बैठक के बाद उसे भंग कर दिया। इसके बाद बिहार के राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप दिया।

निःसंदेह यह नीतीश कुमार के लिए भी एक भावुक करने वाला पल रहा। अब नीतीश कुमार एक बार फिर से केंद्र की राजनीति में वापसी करने वाले हैं। राज्यसभा सांसद के तौर पर उनका शपथ ग्रहण भी हो चुका है।

कई रिकॉर्ड्स रहे नाम

नीतीश कुमार के नाम पर कई रिकॉर्ड्स रहे। बिहार में सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री बने रहने का रिकॉर्ड नीतीश कुमार के नाम पर ही रहा। वह 10 बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने वाले देश के पहले मुख्यमंत्री बन गए हैं।

अपने 10वें कार्यकाल में नीतीश कुमार 146 दिनों तक मुख्यमंत्री रहे। गौरतलब है कि नीतीश कुमार अपने इस्तीफों के लिए बिहार की राजनीति में काफी मशहूर रहे हैं। अपने पूरे कार्यकाल के दौरान भ्रष्टाचार को लेकर उनकी जीरो टॉलरेंस की नीति भी बिहार में काफी लोकप्रिय रही। माना जाता है कि उन्होंने अपनी इस नीति से कभी समझौता नहीं किया।

कब और कितने दिनों का रहा कार्यकाल?

नीतीश कुमार ने पहली बार मार्च 2000 को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इसके बाद उन्होंने विभिन्न कारणों से अपने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा भी दिया। लेकिन इस बार का इस्तीफा आखिरी बार का माना जा रहा है।

मार्च 2000 : 7 दिनों का कार्यकाल

नवंबर 2005 से नवंबर 2010 : 1,827 दिनों का कार्यकाल

नवंबर 2010 से मई 2014 : 1,270 दिनों का कार्यकाल

फरवरी 2015 से नवंबर 2015 : 270 दिनों का कार्यकाल

नवंबर 2015 से जुलाई 2017 : 614 दिनों का कार्यकाल

जुलाई 2017 से नवंबर 2020 : 1,204 दिनों का कार्यकाल

नवंबर 2020 से अगस्त 2022 : 631 दिनों का कार्यकाल

अगस्त 2022 से जनवरी 2024 : 536 दिनों का कार्यकाल

जनवरी 2024 से नवंबर 2025 : 661 दिनों का कार्यकाल

नवंबर 2025 से अप्रैल 2026 : 146 दिनों का कार्यकाल

**बिहार विधानसभा चुनाव से प्राप्त डाटा के आधार पर

किया भावुक पोस्ट

बिहार के मुख्यमंत्री के पद से इस्तीफा देने के बाद नीतीश कुमार ने अपने सोशल मीडिया प्रोफाइल से एक भावुक पोस्ट भी किया। अपने पोस्ट में उन्होंने लिखा, "आप जानते हैं कि 24 नवंबर 2005 को राज्य में पहली बार एनडीए सरकार बनी थी। तब से राज्य में कानून का राज है और हम लगातार विकास के काम में लगे हुए हैं। महिलाओं एवं युवाओं के लिए भी बहुत काम किया गया है।" इसके साथ ही उन्होंने बिहार के लिए भविष्य की योजनाओं के बारे में भी बात की।

अपने पोस्ट में उन्होंने लिखा कि बताया कि अगले पांच वर्षों यानी 2025 से 2030 के लिए 7 निश्चय-3 का गठन किया गया है। इससे और ज्यादा काम होगा जिससे बिहार काफी आगे बढ़ेगा। बिहार के विकास में केन्द्र का भी पूरा सहयोग मिल रहा है। अब नई सरकार यहां का काम देखेगी। नई सरकार को मेरा पूरा सहयोग एवं मार्गदर्शन रहेगा। आगे भी बहुत अच्छा काम होगा तथा बिहार बहुत आगे बढ़ेगा।

बता दें, बिहार के अगले मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा हो चुकी है। बिहार के नए मुख्यमंत्री के तौर पर डेप्यूटी चीफ मिनीस्टर सम्राट चौधरी के नाम पर मुहर लगी है।

Articles you may like: